ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पंचायत सहायक कल्याण समिति (पंचायत सहायक संघ) उत्तर प्रदेश के बैनर तले पंचायत सहायकों की विभिन्न मांगों को लेकर एक प्रतिनिधिमंडल ने शहर पश्चिमी के विधायक एवं पूर्व मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह को ज्ञापन सौंपा। कार्यक्रम का नेतृत्व जिला अध्यक्ष प्रवीण यादव ने किया। समिति के संस्थापक एवं प्रदेश अध्यक्ष युगान्तर सिंह के मार्गदर्शन में पंचायत सहायकों ने अपनी समस्याओं और मांगों को विधायक के समक्ष रखा। ज्ञापन में पंचायत सहायकों को स्थायी किए जाने, वेतनमान लागू करने, स्मार्टफोन उपलब्ध कराने तथा अन्य लंबित समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की गई। पंचायत सहायकों का कहना है कि वे ग्राम पंचायतों में डिजिटल सेवाओं के संचालन, अभिलेखों के रखरखाव और विभिन्न सरकारी योजनाओं से जुड़े प्रशासनिक कार्यों का महत्वपूर्ण दायित्व निभा रहे हैं लेकिन इसके बावजूद उन्हें पर्याप्त सुविधाएं और उचित मानदेय नहीं मिल रहा है।
प्रतिनिधिमंडल ने विधायक को बताया कि पंचायत सहायकों की लंबे समय से चली आ रही मांगों का अब तक समाधान नहीं हो सका है, जिससे उनमें निराशा का माहौल है। उन्होंने सरकार से उनकी समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की। विधायक सिद्धार्थ नाथ सिंह ने पंचायत सहायकों की बातों को गंभीरता से सुनते हुए आश्वासन दिया कि उन्हें स्मार्टफोन उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक प्रयास किए जाएंगे। साथ ही उन्होंने कहा कि पंचायत सहायकों की अन्य मांगों और समस्याओं को मुख्यमंत्री तक पहुंचाकर उनके समाधान के लिए प्रभावी पहल की जाएगी।
समिति के पदाधिकारियों ने विधायक के सकारात्मक रुख और आश्वासन के लिए उनका आभार व्यक्त किया तथा उम्मीद जताई कि पंचायत सहायकों की वर्षों पुरानी मांगों पर जल्द ही सार्थक निर्णय लिया जाएगा, जिससे प्रदेश के हजारों पंचायत सहायकों को लाभ मिलेगा।
0 Comments