Ticker

6/recent/ticker-posts

लेखपाल पर अभद्रता करने का आरोप, गाली देते वीडियो वायरल...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : सिराथू तहसील में तैनात एक लेखपाल पर रिश्वत मांगने और फरियादी के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगने के बाद मामला चर्चा का विषय बन गया है। घटना से जुड़ा एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके आधार पर पीड़ित ने शिकायत दर्ज कराते हुए कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, सिराथू क्षेत्र निवासी रामभवन घरोनी (आवासीय अभिलेख) बनवाने के लिए तहसील कार्यालय पहुंचे थे। आरोप है कि इस दौरान संबंधित लेखपाल ने कार्य करने के एवज में पांच हजार रुपये की रिश्वत की मांग की। पीड़ित का कहना है कि जब उसने रुपये देने में असमर्थता जताई तो लेखपाल ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग किया और गाली-गलौज करने लगा।
पीड़ित ने आरोप लगाया है कि विवाद के दौरान लेखपाल ने जूता निकालकर मारने की धमकी भी दी। इसी दौरान किसी व्यक्ति ने पूरे घटनाक्रम का वीडियो बना लिया, जो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो में फरियादी और लेखपाल के बीच तीखी नोकझोंक होती दिखाई दे रही है। मामले में लेखपाल सुनील द्विवेदी और कमल सिंह का नाम सामने आया है। पीड़ित रामभवन ने पुलिस को शिकायती पत्र देकर मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई की मांग की है।

उधर, वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासनिक अधिकारियों ने भी मामले का संज्ञान लिया है। पुलिस और राजस्व विभाग द्वारा शिकायत की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। वहीं सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो तथा लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। जांच पूरी होने के बाद ही मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

Post a Comment

0 Comments