Ticker

6/recent/ticker-posts

गैर जनपद के किन्नरों पर अवैध वसूली का आरोप, महंत ने प्रशासन से लगाई गुहार...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : भरवारी निवासी किन्नर जन कल्याण ट्रस्ट की महंत गुरु मां मुस्कान सिंह चौहान ने गैर जनपद के कुछ किन्नरों पर उत्पीड़न, अवैध वसूली, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने का आरोप लगाते हुए प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। महंत मुस्कान सिंह चौहान ने अधिकारियों को दिए गए प्रार्थना पत्र में कहा है कि प्रयागराज जनपद से जुड़े कुछ किन्नर समाज के पदाधिकारी और उनके शिष्य आए दिन उनके तथा उनके शिष्यों के साथ विवाद करते हैं। आरोप है कि बधाई लेने के क्षेत्राधिकार को लेकर झगड़ा किया जाता है तथा उनके शिष्यों को धमकाया जाता है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि बाहरी जनपद के लोग उनके कार्यक्षेत्र में हस्तक्षेप कर माहौल खराब करने का प्रयास कर रहे हैं। महंत मुस्कान का कहना है कि वह अपने शिष्यों के साथ जनपद कौशाम्बी में विवाह, जन्मोत्सव एवं अन्य सामाजिक कार्यक्रमों में शामिल होकर पारंपरिक रूप से बधाई लेने का कार्य करती हैं और शांति बनाए रखना चाहती हैं। इसके बावजूद उन पर झूठे आरोप लगाकर परेशान किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि इस संबंध में वह पूर्व में भी अधिकारियों से मिलकर शिकायत कर चुकी हैं।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासन ने दोनों पक्षों को सुनने के निर्देश दिए थे तथा क्षेत्राधिकारी सिराथू को दोनों पक्षों के बयान और दस्तावेजी साक्ष्य लेकर रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए कहा गया था। महंत मुस्कान सिंह चौहान ने प्रशासन से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कार्रवाई करने तथा उन्हें और उनके शिष्यों को सुरक्षा प्रदान किए जाने की मांग की है। वहीं प्रशासनिक स्तर पर मामले की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments