Ticker

6/recent/ticker-posts

ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत, परिजनों में मचा कोहराम...

रिपोर्ट-राजकुमार

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के मनौरी रोड पर शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत हो गई। घटना के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी मच गई और मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। मिली जानकारी के अनुसार, राहुल शर्मा (30) पुत्र मदन शर्मा, निवासी मादपुर गांव, पूरामुफ्ती चौराहे से अपने घर की ओर मनौरी रोड के रास्ते जा रहा था। बताया जाता है कि जैसे ही वह राम जानकी मंदिर के पास पहुंचा, सामने से आ रहे एक ट्रक ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में राहुल के सिर में गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और एम्बुलेंस की सहायता से घायल युवक को उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल भिजवाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया।

परिजनों के अनुसार, जिला अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही राहुल की मौत हो गई। युवक की मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है तथा दुर्घटना करने वाले ट्रक और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments