रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : पुलिस भर्ती परीक्षा देने बाइक से वाराणसी जा रहे एक युवक की सड़क दुर्घटना में दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार पश्चिम शरीरा थाना क्षेत्र के पूरब शरीरा निवासी अनुज शर्मा (25) पुत्र अजय शर्मा बुधवार सुबह बाइक से वाराणसी पुलिस भर्ती परीक्षा देने के लिए निकले थे। रास्ते में कोखराज थाना क्षेत्र के परसरा के पास राम वन गमन मार्ग पर किसी अज्ञात वाहन की चपेट में आने से उनकी बाइक अनियंत्रित हो गई। अनियंत्रित बाइक डिवाइडर से टकरा गई, जिससे अनुज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर भरवारी चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को तत्काल एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजा। जहां चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक के परिजनों को दी।
सूचना मिलते ही परिवार के लोग जिला अस्पताल पहुंच गए। युवक की मौत से परिवार में मातम छा गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। कोखराज पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि हादसे के कारणों की जांच की जा रही है तथा अज्ञात वाहन की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।
युवक की असमय मौत से गांव में भी शोक की लहर दौड़ गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि अनुज पुलिस भर्ती परीक्षा की तैयारी कर रहे थे और परीक्षा देने के लिए उत्साह के साथ घर से निकले थे, लेकिन रास्ते में हुए हादसे ने उनके सपनों को हमेशा के लिए अधूरा छोड़ दिया।
0 Comments