Ticker

6/recent/ticker-posts

बाहरी युवकों को बुलाकर दबंगों ने युवक को पीटा, तमंचा सटाकर मोबाइल छीनने का आरोप...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : चरवा थाना क्षेत्र के कृष्णा डोली गांव में एक युवक के साथ मारपीट और मोबाइल छीनने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने गांव के ही एक युवक समेत कई लोगों पर हमला करने और तमंचा दिखाकर मोबाइल छीनने का आरोप लगाया है। मामले की शिकायत पुलिस से की गई है। मिली जानकारी के अनुसार कृष्णा डोली गांव निवासी अंकित यादव पुत्र स्वर्गीय उदय यादव ने चरवा थाना पुलिस को दिए गए शिकायती पत्र में बताया कि गांव का रहने वाला अंशु यादव अपने खेत में स्थित ट्यूबवेल पर एक अज्ञात युवती के साथ आया था। आरोप है कि अंकित ने उस दौरान अपने मोबाइल फोन से उसका वीडियो बना लिया। कुछ देर बाद अंशु यादव युवती को लेकर वहां से चला गया।

पीड़ित का आरोप है कि इसके बाद अंशु यादव बाहरी युवकों को साथ लेकर मौके पर पहुंचा और उसके साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए वह वहां से भागकर अपने घर पहुंचा, लेकिन आरोपी और उसके साथी उसके घर तक पहुंच गए। आरोप है कि दबंगों ने घर में घुसकर उसके साथ दोबारा मारपीट की और परिवार के लोगों को भी धमकाया। अंकित यादव का कहना है कि आरोपियों ने तमंचा सटाकर उसका मोबाइल फोन छीन लिया और मौके से फरार हो गए।

घटना के बाद पीड़ित ने चरवा थाने पहुंचकर आरोपियों के खिलाफ तहरीर दी और कानूनी कार्रवाई की मांग की है। इस संबंध में पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हुई है। मामले की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना को लेकर गांव में चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Post a Comment

0 Comments