रिपोर्ट-इरसाद हुसैन
महोबा : जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने आइजीआरएस (IGRS) शिकायतों के निस्तारण पर प्राप्त असंतुष्ट फीडबैक के आधार पर गुरुवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने कार्यालय की कार्यप्रणाली, अभिलेखों के रख-रखाव, योजनाओं की प्रगति तथा आमजन को उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं की गहन समीक्षा की। जिलाधिकारी ने अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उपस्थिति पंजिका की जांच करते हुए समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण कार्य निष्पादन के निर्देश दिए। उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी), स्वच्छ भारत मिशन तथा राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन सहित विभिन्न योजनाओं की प्रगति का जायजा लिया और लाभार्थियों को समय से लाभ उपलब्ध कराने पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान लंबित प्रकरणों की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को सभी मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। शिकायतों के निस्तारण में लापरवाही पाए जाने पर उन्होंने परियोजना अधिकारी डूडा का वेतन रोकने के निर्देश दिए तथा शिकायतकर्ता से स्वयं वार्ता कर समस्या का वास्तविक समाधान सुनिश्चित करने को कहा।
डीएम ने कहा कि शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचना चाहिए। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कार्यालय में साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव और बेहतर कार्य संस्कृति बनाए रखने पर भी विशेष बल दिया।
निरीक्षण के दौरान कर्मचारी अर्पित पांडे (सिटी लाइवलीहुड्स प्रोग्राम को-ऑर्डिनेटर) बिना पूर्व सूचना के अनुपस्थित पाए गए। इस पर जिलाधिकारी ने नाराजगी जताते हुए उनका वेतन रोकने के निर्देश दिए। साथ ही अधिकारियों और कर्मचारियों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कार्य में किसी प्रकार की शिथिलता न बरतने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी कार्यालय द्वारा प्रतिदिन 10 शिकायतकर्ताओं से सीधे बातचीत कर फीडबैक लिया जा रहा है, जिससे शिकायतों के निस्तारण की वास्तविक स्थिति का आकलन किया जा सके। निरीक्षण के दौरान संबंधित विभागीय अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे। डीएम ने शासन की मंशा के अनुरूप योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
0 Comments