Ticker

6/recent/ticker-posts

सोगदा गांव में ट्यूबवेल जलकर राख, मालिक ने लगाया आग लगाने का आरोप...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के सोगदा गांव में संदिग्ध परिस्थितियों में ट्यूबवेल में आग लगने से लाखों रुपये का नुकसान हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। पीड़ित ट्यूबवेल मालिक ने अज्ञात लोगों पर जानबूझकर आग लगाने का आरोप लगाया है। मिली जानकारी के अनुसार सोगदा गांव निवासी ज्ञानचंद्र पुत्र जगन्नाथ का खेत में ट्यूबवेल लगा हुआ है। पीड़ित ने बताया कि कुछ दिन पहले देर रात कुछ अज्ञात लोग उसके ट्यूबवेल पर लगे सोलर पैनल को खोलने का प्रयास कर रहे थे। आहट मिलने पर जब वह जाग गया तो आरोपी सोलर पैनल को तोड़कर मौके से फरार हो गए। इस घटना के बाद से परिवार पहले से ही डरा और परेशान था। पीड़ित का आरोप है कि घटना के दूसरे दिन दोपहर में अज्ञात लोगों ने उसके ट्यूबवेल में आग लगा दी। आग इतनी भीषण थी कि देखते ही देखते पूरा ट्यूबवेल जलकर राख हो गया। ग्रामीणों ने आग बुझाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक काफी नुकसान हो चुका था। घटना की सूचना मिलने पर आसपास के लोग मौके पर जुट गए।

ज्ञानचंद्र के मुताबिक आग लगने से मोटर, वायरिंग, पाइप और अन्य सामान पूरी तरह जल गया, जिससे करीब दो लाख रुपये का नुकसान हुआ है। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई, जिससे बड़ा हादसा टल गया। पीड़ित ने मामले की सूचना पुलिस को दे दी है और आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। ग्रामीणों ने भी क्षेत्र में लगातार बढ़ रही चोरी और शरारती घटनाओं पर चिंता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments