Ticker

6/recent/ticker-posts

स्वास्थ्य केंद्र में अव्यवस्थाओं का आरोप, किसान यूनियन ने दी धरना-प्रदर्शन की चेतावनी...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बैरमपुर सेंगरहा की स्वास्थ्य सेवाओं और अस्पताल की व्यवस्थाओं को लेकर भारतीय किसान यूनियन (महात्मा टिकैत गुट) ने नाराजगी जताते हुए बड़े आंदोलन की चेतावनी दी है। किसान नेताओं का आरोप है कि अस्पताल में डॉक्टरों की अनुपस्थिति, कर्मचारियों का दुर्व्यवहार और साफ-सफाई की बदहाल स्थिति के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। भाकियू नेताओं का कहना है कि केंद्र पर तैनात चिकित्सक डॉ. अंबुज कुमार नियमित रूप से अस्पताल नहीं आते हैं। आरोप है कि डॉक्टर केवल हस्ताक्षर करने के लिए अस्पताल पहुंचते हैं, जबकि मरीजों का इलाज फार्मासिस्ट के भरोसे संचालित किया जा रहा है। किसान नेताओं ने अस्पताल में तैनात लैब टेक्नीशियन सूर्यभान सिंह पर भी मरीजों और उनके परिजनों के साथ अभद्र व्यवहार करने का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि यदि कोई मरीज डॉक्टर से दिखाने की मांग करता है तो उसके साथ दुर्व्यवहार किया जाता है और अस्पताल से बाहर जाने तक की बात कही जाती है। इसके अलावा अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की व्यवस्था भी बेहद खराब बताई गई है।

आरोप है कि नियमित सफाई न होने से अस्पताल में गंदगी का अंबार लगा हुआ है, जिससे मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ रही है। भारतीय किसान यूनियन के पदाधिकारियों ने प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग से तत्काल व्यवस्था सुधारने, चिकित्सक की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने तथा कर्मचारियों के व्यवहार में सुधार लाने की मांग की है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो संगठन के कार्यकर्ता मरीजों और ग्रामीणों के साथ धरना-प्रदर्शन करने को मजबूर होंगे। हालांकि, समाचार लिखे जाने तक स्वास्थ्य विभाग की ओर से इस मामले में कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी।

Post a Comment

0 Comments