Ticker

6/recent/ticker-posts

नारा गांव के युवक की पुणे में हत्या, परिवार में मचा कोहराम...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : रोजगार के सिलसिले में महाराष्ट्र के पुणे शहर गए कौशाम्बी जिले के सिराथू तहसील अंतर्गत ग्राम नारा (सईदाबाद मोहल्ला) निवासी 30 वर्षीय मोहम्मद नईस पुत्र अलीस की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। युवक का शव पुणे के खराड़ी स्थित यूनिटी पार्क में खून से लथपथ हालत में मिलने से परिवार और गांव में शोक की लहर दौड़ गई है। परिजनों के मुताबिक मोहम्मद नईस पुणे में रहकर मजदूरी कर परिवार का भरण-पोषण करता था। बताया जा रहा है कि 12 जून 2026 की रात से उसका मोबाइल फोन बंद आने लगा था। इसके बाद स्थानीय लोगों द्वारा चंदन नगर पुलिस को यूनिटी पार्क में एक युवक का शव पड़े होने की सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। घटना की जानकारी मिलने पर ग्राम नारा में मातम छा गया। मृतक अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला सदस्य था। उसके पीछे पत्नी और तीन छोटे बच्चे हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। ग्रामीणों ने बताया कि नईस मेहनती और मिलनसार स्वभाव का व्यक्ति था।

ग्रामीणों ने आरोप लगाया है कि घटना के बाद पुणे के चंदन नगर थाने से संपर्क करने में दिक्कत हो रही है तथा मामले की जानकारी स्पष्ट रूप से नहीं मिल पा रही है। उन्होंने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग की है। ग्रामीणों ने उत्तर प्रदेश और महाराष्ट्र सरकार से मृतक परिवार को आर्थिक सहायता प्रदान करने, शव को उसके पैतृक गांव तक पहुंचाने की व्यवस्था कराने तथा प्रवासी श्रमिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

हत्या की तारीख को लेकर स्थिति उपलब्ध जानकारी के अनुसार मोहम्मद नईस की हत्या 12 जून 2026 की रात में होने की आशंका है, जबकि शव 13 जून की सुबह पुणे के खराड़ी स्थित यूनिटी पार्क में बरामद हुआ। हालांकि हत्या का सटीक समय और परिस्थितियां पुलिस जांच व पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगी।

Post a Comment

0 Comments