Ticker

6/recent/ticker-posts

पेट्रोल पंप पर हुए विवाद ने लिया हिंसक रूप, कट्टे से फायरिंग का आरोप...

रिपोर्ट-घनश्याम कुमार 

प्रयागराज : धूमनगंज थाना क्षेत्र के जागृति चौराहे के समीप स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने के दौरान हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। एक युवक ने दो अज्ञात लोगों पर लोहे की रॉड से हमला करने और कट्टे से फायरिंग कर जान से मारने की कोशिश करने का आरोप लगाया है। पीड़ित ने मामले की शिकायत पुलिस से कर कार्रवाई की मांग की है। मिली जानकारी के अनुसार, रावेंद्र सिंह पुत्र जयचंद सिंह, निवासी एकलव्य कॉलोनी, रामानुज पब्लिक स्कूल के पीछे, शाह उर्फ पीपलगांव, प्रयागराज, 18 जून 2026 की रात करीब 9:10 बजे अपनी माता मिथिलेश सिंह के साथ जागृति चौराहे के पास स्थित भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप पर पेट्रोल भरवाने पहुंचे थे। आरोप है कि इसी दौरान दो अज्ञात युवक बाइक लेकर आए और आगे खड़े हो गए।

रावेंद्र सिंह के अनुसार, जब उन्होंने पहले से लाइन में होने की बात कही तो दोनों युवक गाली-गलौज करने लगे। विरोध करने पर उन्होंने आगे चौराहे की ओर आने को कहा और जान से मारने की धमकी दी। मौके पर मौजूद लोगों और उनकी माता ने उन्हें वहां जाने से मना कर दिया। पीड़ित का आरोप है कि कुछ देर बाद एक युवक लोहे की रॉड लेकर आया और उन पर हमला कर दिया। बचाव के दौरान आरोपी भागने लगा, जिसका पीछा करने पर सड़क के डिवाइडर के पास खड़े उसके साथी ने कट्टे से फायरिंग कर दी।

रावेंद्र सिंह ने झुककर अपनी जान बचाई और वापस पेट्रोल पंप की ओर भागे। इसके बाद दोनों आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए नंदी चौराहे की ओर फरार हो गए। घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया। पीड़ित ने पुलिस से आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्यवाही किए जाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post a Comment

0 Comments