Ticker

6/recent/ticker-posts

अलवारा झील में मजदूर की गोली मारकर हत्या, साथी से पूछताछ जारी...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 


कौशाम्बी : महेवाघाट थाना क्षेत्र स्थित अलवारा झील में मछली शिकार की निगरानी कर रहे एक बिहारी मजदूर की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने मामले में एक व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है, जबकि एक अन्य साथी घटना के बाद से फरार बताया जा रहा है। मिली जानकारी के अनुसार मूल रूप से बिहार निवासी बरमदीन कई वर्षों से अलवारा झील में रहकर मछली शिकार और झील की रखवाली का कार्य करता था। शुक्रवार रात वह अपने दो साथियों धर्मपाल और बवाली के साथ झील की निगरानी कर रहा था। इसी दौरान संदिग्ध परिस्थितियों में बरमदीन को गोली लग गई। गोली लगने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही महेवाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस ने पूछताछ के लिए धर्मपाल को हिरासत में लिया है, जबकि बवाली घटना के बाद से फरार है। उसकी तलाश में पुलिस टीम जुटी हुई है। स्थानीय सूत्रों के मुताबिक कुछ माह पूर्व भी झील की रखवाली कर रहे मजदूरों पर हमला हुआ था, जिसके बाद पुलिस ने संबंधित लोगों के खिलाफ निरोधात्मक कार्यवाही की थी।

ऐसे में पुलिस पुराने विवादों और अन्य संभावित कारणों को भी जांच के दायरे में रखकर पड़ताल कर रही है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले के शीघ्र खुलासे के लिए साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। फरार व्यक्ति की तलाश जारी है और जांच के आधार पर दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्यवाही की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments