ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के कनैली गांव के समीप खिलनहाई नदी के पास गुरुवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार अधेड़ की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद परिजनों और ग्रामीणों में भारी आक्रोश फैल गया। उन्होंने मुआवजे और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग को लेकर शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया। मिली जानकारी के अनुसार, कनैली गांव निवासी सुमन विश्वकर्मा (57) पुत्र स्वर्गीय शिवमंगल विश्वकर्मा गुरुवार सुबह करीब 7:30 बजे बाइक से कनैली से सराय अकिल जा रहे थे। इसी दौरान असमदापुर मार्ग पर ढलान के पास खेत की ओर से सड़क पर चढ़ रही एक जेसीबी ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि सुमन विश्वकर्मा की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही परिजन और ग्रामीण घटनास्थल पर पहुंच गए। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जेसीबी को कब्जे में लेकर कनैली चौकी में खड़ा करा दिया तथा शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
मृतक के पुत्र धीरज कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि हादसे में शामिल जेसीबी का नंबर UP 70 JT 3982 है, जो रामपुर निवासी व्यक्ति की बताई जा रही है। उनका आरोप है कि जेसीबी रात में नदी क्षेत्र से मिट्टी की खुदाई कर लौट रही थी, तभी यह हादसा हुआ। धीरज ने बताया कि परिवार में दो भाई और चार बहनें हैं। दो बहनों और एक भाई की शादी हो चुकी है, जबकि एक बहन का विवाह आगामी नवंबर माह में तय है। ऐसे समय में पिता की असामयिक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है।
घटना से नाराज परिजनों और ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर चक्का जाम कर दिया और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उचित मुआवजे तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की मांग की। जाम के कारण मार्ग पर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं। सूचना मिलने पर थानाध्यक्ष शेर सिंह राजपूत पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझा-बुझाकर शांत कराया, जिसके बाद जाम समाप्त हुआ। पुलिस ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है।
0 Comments