Ticker

6/recent/ticker-posts

आलमचंद में पेयजल संकट पर भड़के ग्रामीण, पूर्व सांसद विनोद सोनकर से की शिकायत...

रिपोर्ट-वीरेन्द्र कुमार 

कौशाम्बी : मूरतगंज विकासखंड के अंतर्गत आने वाली आलमचंद ग्राम सभा में पेयजल आपूर्ति की समस्या को लेकर ग्रामीणों में भारी आक्रोश व्याप्त है। गांव में नई पानी की टंकी बनने के बावजूद लोगों को पर्याप्त मात्रा में पानी नहीं मिल पा रहा है, जिससे भीषण गर्मी के बीच ग्रामीणों को गंभीर परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। गांव के समाजसेवी वीरेंद्र कुमार वाल्मीकि ने इस समस्या को लेकर पूर्व सांसद विनोद सोनकर से मुलाकात कर जल निगम के खिलाफ लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में बताया गया कि नई पानी की टंकी का निर्माण होने के बाद जल निगम विभाग द्वारा पुरानी जर्जर पानी की टंकी को ध्वस्त कर दिया गया था, लेकिन नई पाइपलाइन से अभी तक नियमित जलापूर्ति शुरू नहीं की गई है।

ग्रामीणों का आरोप है कि वर्तमान में गांव में पुरानी पाइपलाइन के माध्यम से पानी की आपूर्ति की जा रही है। यह पाइपलाइन कई स्थानों पर क्षतिग्रस्त और लीकेज से ग्रस्त है, जिसके कारण पानी का भारी मात्रा में नुकसान हो रहा है। नतीजतन अधिकांश घरों तक पर्याप्त पानी नहीं पहुंच पा रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्हें एक बाल्टी पानी के लिए भी जूझना पड़ रहा है। मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्व सांसद विनोद सोनकर ने अधिशासी अभियंता, जल निगम कौशांबी को पत्र लिखकर समस्या के शीघ्र समाधान के निर्देश दिए हैं।

उन्होंने पत्र में पुरानी पाइपलाइन के लीकेज की तत्काल मरम्मत कराने तथा नई पाइपलाइन के माध्यम से जल्द से जल्द नियमित जलापूर्ति शुरू कराने की मांग की है।
पूर्व सांसद ने कहा कि ग्रामीणों को स्वच्छ एवं पर्याप्त पेयजल उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है और इस संबंध में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। वहीं ग्रामीणों ने भी जल्द समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी है।

Post a Comment

0 Comments