रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : मंझनपुर थाना क्षेत्र स्थित न्यू प्रीती हॉस्पिटल में बच्चेदानी के ऑपरेशन के बाद एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो जाने से हड़कंप मच गया। घटना से आक्रोशित परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर इलाज में लापरवाही का आरोप लगाते हुए जमकर हंगामा किया। स्थिति बिगड़ती देख अस्पताल का स्टाफ मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मिली जानकारी के अनुसार महिला का बच्चेदानी का ऑपरेशन न्यू प्रीती हॉस्पिटल में कराया गया था। परिजनों का आरोप है कि ऑपरेशन के बाद महिला की तबीयत लगातार बिगड़ती रही, लेकिन अस्पताल प्रशासन ने समय रहते उचित उपचार नहीं दिया। कई बार शिकायत करने के बावजूद डॉक्टरों और स्टाफ ने गंभीरता नहीं दिखाई, जिससे महिला की मौत हो गई। महिला की मौत की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। गुस्साए परिजनों ने अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया और डॉक्टरों से जवाब मांगने लगे। आरोप है कि इसी दौरान अस्पताल का स्टाफ पीछे के रास्ते से निकल गया और अस्पताल बंद कर दिया गया।
घटना की सूचना मिलने पर मंझनपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। क्षेत्राधिकारी मंझनपुर ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। अस्पताल के अभिलेख, सीसीटीवी फुटेज और संबंधित चिकित्सकों से पूछताछ की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी (सीएमओ) ने भी मामले का संज्ञान लेते हुए जांच के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि यदि जांच में अस्पताल की लापरवाही या मानकों के उल्लंघन की पुष्टि होती है तो संबंधित अस्पताल के खिलाफ नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद क्षेत्र में निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। स्थानीय लोगों ने स्वास्थ्य विभाग से अवैध एवं मानकविहीन नर्सिंग होमों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
0 Comments