Ticker

6/recent/ticker-posts

वाल्मीकि समाज से मिले एससी-एसटी आयोग के सदस्य, बोले कर्मचारियों के अधिकारों से समझौता नहीं होगा...

रिपोर्ट-वीरेन्द्र कुमार 

कौशाम्बी : उत्तर प्रदेश अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति आयोग के सदस्य रमेश चंद्र कुंडे ने शुक्रवार को जनपद कौशांबी का एक दिवसीय दौरा किया। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका परिषद भरवारी तथा नगर पंचायत अझुवा और सिराथू का औपचारिक निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। भरवारी नगर पालिका में अध्यक्ष कविता पासी एवं अधिशासी अधिकारी (ईओ) के साथ समीक्षा बैठक कर विभिन्न योजनाओं और सफाई व्यवस्था की प्रगति की जानकारी ली। बैठक के दौरान आयोग के सदस्य ने नगर पालिका में कार्यरत आउटसोर्सिंग एवं संविदा सफाई कर्मचारियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना। उन्होंने ईओ को निर्देशित किया कि शासन के आदेशों के अनुरूप सभी सफाई कर्मचारियों को समय पर वेतन का भुगतान सुनिश्चित किया जाए तथा उन्हें निर्धारित सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के अधिकारों की अनदेखी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।

रमेश चंद्र कुंडे ने भरवारी, अझुवा और सिराथू के सफाई कर्मचारियों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याओं और मांगों की जानकारी भी ली। उन्होंने आश्वस्त किया कि कर्मचारियों से जुड़े मामलों का समाधान प्राथमिकता के आधार पर कराया जाएगा और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाना सुनिश्चित किया जाएगा। दौरे के दौरान उन्होंने वाल्मीकि समाज के लोगों के साथ बैठक कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के पदाधिकारियों एवं समाज के लोगों ने उनका भव्य स्वागत किया।
कार्यक्रम में वाल्मीकि समाज के जिला अध्यक्ष रामू आनंद वाल्मीकि, जिला महामंत्री वीरेंद्र कुमार वाल्मीकि, सागर वाल्मीकि सहित बड़ी संख्या में समाज के लोग और सफाई कर्मचारी उपस्थित रहे। आयोग के सदस्य ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लोगों के हितों से जुड़े मामलों का त्वरित निस्तारण किया जाए तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लाभार्थियों तक पूरी पारदर्शिता के साथ पहुंचाया जाए।

Post a Comment

0 Comments