Ticker

6/recent/ticker-posts

कब्र खोदने पर भी नहीं मिला विवाहिता का शव, मामले ने पकड़ा तूल...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र के असवा गांव में करीब तीन माह पहले संदिग्ध परिस्थितियों में हुई विवाहिता सुमिला देवी (26) की मौत का मामला अब और रहस्यमय हो गया है। जिलाधिकारी अमित पाल के आदेश पर रविवार को पुलिस ने संदीपन घाट स्थित कब्र की खुदाई कराई, लेकिन कब्र से शव बरामद नहीं हुआ। इसके बाद मामले को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। मृतका के पिता रमेश चंद्र, निवासी बरइसा (थाना पश्चिम शरीरा), का आरोप है कि उनकी पुत्री की 12 मई 2021 को असवा गांव निवासी लाल बहादुर से शादी हुई थी। शादी के बाद से ही दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष उसे प्रताड़ित करता था। प्रताड़ना से परेशान होकर वह करीब दो वर्ष तक मायके में रही। बाद में ससुराल लौटने पर 4 अप्रैल 2026 को उसकी संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई।

शिकायतकर्ता का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने हत्या के बाद शव को गायब कर दिया और पूरे मामले को दबाने का प्रयास किया। उनकी शिकायत पर जिलाधिकारी के निर्देश के बाद पुलिस ने संदीपन घाट पर कब्र की खुदाई कराई, लेकिन वहां शव नहीं मिला। परिजनों का कहना है कि घटना को लगभग तीन महीने बीत जाने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया है। वहीं, ससुराल पक्ष विवाहिता की मौत को लेकर अलग-अलग दावे कर रहा है।

फिलहाल कब्र से शव नहीं मिलने के बाद मामले ने नया मोड़ ले लिया है। पुलिस का कहना है कि प्रकरण की जांच की जा रही है और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Post a Comment

0 Comments