ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर पावन गांव के मजरा हुसैनपुर में आम तोड़ने के विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। पिता-पुत्र पर 15 वर्षीय किशोर को बेरहमी से पीटने के बाद उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगाने का आरोप है। गंभीर रूप से झुलसे किशोर का इलाज स्वरूपरानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल में चल रहा है, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। मिली जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम गांव में आम तोड़ने को लेकर पन्नालाल और दिलीप के बीच विवाद हुआ था। आरोप है कि विवाद के दौरान दिलीप और उसके पिता पप्पू ने पन्नालाल को जान से मारने की धमकी दी थी। शनिवार दोपहर करीब एक बजे पन्नालाल का 15 वर्षीय पुत्र सूरज गांव के पास स्थित भट्ठे की ओर जा रहा था। इसी दौरान आरोपियों ने उसे रोक लिया और लाठी-डंडों से जमकर मारपीट की। जब किशोर अधमरी हालत में जमीन पर गिर पड़ा तो आरोप है कि दोनों ने उसके ऊपर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से झुलसे सूरज को इलाज के लिए एसआरएन अस्पताल में भर्ती कराया गया।
मामले की गंभीरता को देखते हुए डीसीपी नगर मनीष शांडिल्य सहित पुलिस अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया। पीड़ित पक्ष की तहरीर पर थाना पूरामुफ्ती में मुकदमा संख्या 79/2026, धारा 109(1), 118(1) एवं 351(2) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया। पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर रविवार को ग्राम बेगमपुर से दोनों आरोपियों पप्पू (60 वर्ष) पुत्र रोशन और दिलीप (30 वर्ष) पुत्र पप्पू, निवासी हुसैनपुर, अहमदपुर पावन को गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के बाद दोनों के खिलाफ नियमानुसार विधिक कार्यवाही करते हुए न्यायालय भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार, मामले की विवेचना जारी है तथा अन्य आवश्यक साक्ष्य भी जुटाए जा रहे हैं।
0 Comments