ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के फतेहपुरघाट स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर की भूमि पर अवैध कब्जे का मामला सामने आया है। मंदिर के पुजारी संत रमेश दास ने आरोप लगाया है कि मंदिर की जमीन पर एक व्यक्ति द्वारा कब्जा कर खेती की जा रही है। उन्होंने मामले में प्रशासन से कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, संत रमेश दास ने संबंधित अधिकारियों को दिए गए शिकायती पत्र में बताया है कि वह फतेहपुरघाट स्थित प्राचीन राधा-कृष्ण मंदिर के पुजारी हैं। उनके अनुसार मंदिर की आराजी संख्या 130, जिसका रकबा लगभग 0.5480 हेक्टेयर है, मंदिर की संपत्ति के रूप में दर्ज है। आरोप है कि गांव के मानसिंह कुशवाहा उर्फ मैना द्वारा उक्त भूमि पर अवैध रूप से कब्जा कर कृषि कार्य किया जा रहा है। पुजारी का कहना है कि उन्होंने कई बार संबंधित व्यक्ति से मंदिर की भूमि खाली करने का अनुरोध किया, लेकिन हर बार टालमटोल की गई।
आरोप है कि जब उन्होंने दोबारा भूमि छोड़ने की बात कही तो उन्हें अपशब्द कहे गए तथा जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए वहां से भगा दिया गया। इतना ही नहीं, शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है। संत रमेश दास ने प्रशासन से मंदिर की भूमि को कब्जामुक्त कराने, आरोपित के विरुद्ध कानूनी कार्यवाही करने तथा अपनी सुरक्षा सुनिश्चित किए जाने की मांग की है।
वहीं, मामले को लेकर क्षेत्र में चर्चा का माहौल है। समाचार लिखे जाने तक प्रशासन की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया था। अब देखना होगा कि शिकायत के आधार पर राजस्व एवं पुलिस विभाग द्वारा क्या कार्यवाही की जाती है।
0 Comments