Ticker

6/recent/ticker-posts

संकट मोचन धाम खारेला निकली कलश यात्रा, श्रीमद्भागवत कथा का हुआ शुभारंभ...

रिपोर्ट-अशीष विश्वकर्मा 

महोबा : जनपद के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल संकट मोचन धाम, खारेला में पंचकुंडीय श्रीराम महायज्ञ एवं श्रीमद्भागवत कथा का भव्य शुभारंभ हुआ। आयोजन के उपलक्ष्य में 6 जून को निकाली गई विशाल कलश यात्रा में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी, जिससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
कलश यात्रा में सैकड़ों महिलाओं ने सिर पर कलश धारण कर भगवान के जयकारों के साथ सहभागिता की। यात्रा में डीजे, पारंपरिक वाद्य यंत्रों और घुड़सवारों की आकर्षक प्रस्तुति ने श्रद्धालुओं का ध्यान आकर्षित किया। भक्ति गीतों और धार्मिक नारों से खारेला कस्बा राममय नजर आया। यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर स्थानीय प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा। खारेला थाना पुलिस बल ने पूरे मार्ग पर मुस्तैदी के साथ सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था संभाली, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुआ।

यह धार्मिक आयोजन संकट मोचन धाम के पीठाधीश्वर एवं प्रसिद्ध कथा व्यास पंडित श्री सोनू महाराज के सानिध्य में आयोजित किया जा रहा है। पंचकुंडीय श्रीराम महायज्ञ में श्रद्धालु आहुति देकर पुण्य लाभ प्राप्त कर रहे हैं, वहीं श्रीमद्भागवत कथा का रसपान करने के लिए दूर-दराज क्षेत्रों से भक्त खारेला पहुंच रहे हैं। आयोजकों के अनुसार आगामी दिनों में कथा, भजन-कीर्तन और विभिन्न धार्मिक कार्यक्रमों के माध्यम से क्षेत्र में भक्ति एवं आध्यात्मिक वातावरण बना रहेगा।

Post a Comment

0 Comments