Ticker

6/recent/ticker-posts

महोबा में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, मौके पर 10 शिकायतों का निस्तारण...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : जनपद की तीनों तहसीलों में शनिवार को संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। तहसील कुलपहाड़ में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) सुखबीर सिंह एवं उपजिलाधिकारी आदेश सिंह सागर ने लोगों की समस्याएं सुनीं। कुलपहाड़ तहसील में 120 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर ही निस्तारण किया गया। वहीं तहसील चरखारी में अपर जिलाधिकारी नमामि गंगे सूर्यकांत त्रिपाठी की अध्यक्षता एवं उपजिलाधिकारी धीरेन्द्र कुमार की मौजूदगी में 46 शिकायतों में से 2 का निस्तारण किया गया। तहसील महोबा में अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व कुंवर पंकज की अध्यक्षता तथा उपजिलाधिकारी शिवध्यान पांडे की उपस्थिति में 30 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 4 का मौके पर समाधान किया गया।
संपूर्ण समाधान दिवस में तीनों तहसीलों से कुल 196 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें 10 का मौके पर निस्तारण किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी गजल भारद्वाज ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी शिकायतों का निस्तारण समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और शिकायतकर्ता की संतुष्टि के आधार पर किया जाए।

उन्होंने कहा कि शिकायत का निस्तारण करने से पहले संबंधित फरियादी से अवश्य बातचीत की जाए। यदि शिकायतकर्ता संतुष्ट नहीं है तो शिकायत को निस्तारित नहीं माना जाएगा। जिलाधिकारी ने आईजीआरएस एवं सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निस्तारण में किसी भी प्रकार की लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप प्रत्येक शिकायत का कागजों पर नहीं बल्कि धरातल पर समाधान सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि शिकायतों के निस्तारण की गुणवत्ता की जांच कराई जाएगी और फर्जी निस्तारण पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई होगी।

 उन्होंने लेखपालों को निर्देशित किया कि गांवों में भ्रमण के दौरान ग्रामीणों को सूचना देकर उनकी समस्याएं सुनें तथा छोटी समस्याओं का मौके पर समाधान करें। बड़ी समस्याओं की जानकारी तत्काल संबंधित उपजिलाधिकारी को उपलब्ध कराएं, ताकि समयबद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।

Post a Comment

0 Comments