Ticker

6/recent/ticker-posts

लकड़ी लदी पिकअप मिठाई की दुकान में घुसी, बड़ा हादसा टला...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : संदीपन घाट थाना क्षेत्र के इमामगंज चौराहे के समीप शनिवार को उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब मूरतगंज की ओर से आ रही लकड़ी लदी एक पिकअप अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़ी मोटरसाइकिल को रौंदते हुए सीधे एक मिठाई की दुकान में जा घुसी। हादसे के समय दुकान और आसपास मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। गनीमत रही कि इस दुर्घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, जिससे सभी ने राहत की सांस ली। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिकअप तेज रफ्तार में थी। इमामगंज चौराहे के पास पहुंचते ही चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा। अनियंत्रित पिकअप पहले सड़क किनारे खड़ी एक मोटरसाइकिल से टकराई और उसे बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद वाहन नयन स्वीट हाउस के सामने बने हिस्से को तोड़ते हुए दुकान के अंदर जा घुसा। हादसे के समय दुकान में मौजूद लोग किसी तरह बाहर निकल आए, जिससे बड़ा हादसा टल गया। दुर्घटना की सूचना मिलते ही संदीपन घाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तत्काल आसपास एकत्र लोगों को हटाकर यातायात व्यवस्था सुचारु कराई। दुर्घटनाग्रस्त पिकअप को हटाने की कार्रवाई भी शुरू कराई गई, जिससे मार्ग पर आवागमन सामान्य हो सका। हादसे में मोटरसाइकिल और दुकान को नुकसान पहुंचा है। फिलहाल किसी व्यक्ति के घायल होने की सूचना नहीं है।

 पुलिस ने वाहन को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे का कारण चालक का वाहन पर नियंत्रण खोना माना जा रहा है। पुलिस दुर्घटना के सभी पहलुओं की जांच कर रही है तथा आवश्यक विधिक कार्यवाही की जा रही है। स्थानीय लोगों का कहना है कि इमामगंज चौराहे पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार अक्सर दुर्घटनाओं का कारण बनती है। लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर यातायात नियंत्रण और सुरक्षा के प्रभावी इंतजाम करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments