रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद कौशाम्बी पुलिस ने आमजन को बड़ी राहत देते हुए सीईआईआर (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से खोए, चोरी हुए और स्नेचिंग के दौरान गायब हुए कुल 121 मोबाइल फोन बरामद कर उनके वास्तविक स्वामियों को सौंप दिए। बरामद मोबाइलों की अनुमानित कीमत करीब 25 लाख रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, जनपद के विभिन्न थानों पर मोबाइल खोने, चोरी होने और स्नेचिंग संबंधी प्राप्त शिकायतों पर प्रभावी कार्रवाई करते हुए सभी थाना पुलिस टीमों ने सर्विलांस और मैनुअल इनपुट के आधार पर विभिन्न कंपनियों के मोबाइल फोन ट्रेस किए। थानों पर नियुक्त कंप्यूटर ऑपरेटरों एवं सीसीटीएनएस टीम ने तकनीकी साक्ष्यों का गहन विश्लेषण कर मोबाइलों की लोकेशन का पता लगाया, जिसके बाद उन्हें बरामद कर संबंधित मोबाइल स्वामियों को सुपुर्द किया गया।
पुलिस ने बताया कि सीईआईआर (CEIR) केंद्र सरकार का एक केंद्रीकृत नागरिक पोर्टल है।
जिसके माध्यम से चोरी, गुम या छीने गए मोबाइल फोन को ब्लॉक और ट्रैक किया जा सकता है। कोई भी नागरिक अपने मोबाइल के खोने या चोरी होने की सूचना स्वयं ceir.gov.in पर ऑनलाइन दर्ज कर सकता है। इसके अलावा, थानों में प्राप्त प्रार्थना पत्रों को भी सीईआईआर पोर्टल पर अपलोड कर मोबाइल की ट्रैकिंग की जाती है। कौशाम्बी पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल खोने या चोरी होने की स्थिति में तुरंत संबंधित थाना अथवा सीईआईआर पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि तकनीकी सहायता से मोबाइल की बरामदगी सुनिश्चित की जा सके।
0 Comments