Ticker

6/recent/ticker-posts

स्वच्छता के साथ सेवा का संदेश, BPCL ने अनाथालय में पहुंचाई राहत...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) के एविएशन फ्यूलिंग स्टेशन (AFS) प्रयागराज ने स्वच्छता पखवाड़ा के अंतर्गत सामाजिक सरोकार निभाते हुए मदर टेरेसा होम 'निर्मला शिशु भवन' (मिशनरीज ऑफ चैरिटी), स्टेनली रोड, मुइराबाद स्थित अनाथालय एवं वृद्धाश्रम में सेवा कार्य किया। इस दौरान टीम ने बेसहारा बच्चों और बुजुर्गों के बीच समय बिताकर उन्हें आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराईं। कार्यक्रम के दौरान टीम की मुलाकात एक ऐसी मासूम बच्ची से हुई, जो कुछ समय पहले वाराणसी के घाट के पास लावारिस अवस्था में मिली थी। जन्म से उसके होंठ जुड़े होने के कारण वह गंभीर शारीरिक समस्या से जूझ रही थी। निर्मला शिशु भवन द्वारा देखभाल और तीन सफल सर्जरी के बाद वह अब स्वस्थ है, हालांकि अभी बोल नहीं पाती। उसकी मासूम मुस्कान ने मौजूद सभी लोगों को भावुक कर दिया। सेवा कार्य के अंतर्गत आश्रम में बरसात के दौरान हो रही परेशानी को देखते हुए क्षतिग्रस्त टीन शेड को हटाकर नया टीन शेड लगवाया गया। साथ ही, खराब हो चुके आरओ सिस्टम के स्थान पर नया आरओ प्लांट एवं वॉटर कूलर स्थापित कराया गया, जिससे बच्चों और बुजुर्गों को स्वच्छ एवं ठंडा पेयजल उपलब्ध हो सके।

स्वच्छता पखवाड़ा के उद्देश्य को आगे बढ़ाते हुए संस्था को हाइजीन किट भी उपलब्ध कराई गई। इसमें फ्लोर क्लीनर, मॉप, हैंडवॉश सहित स्वच्छता बनाए रखने के लिए आवश्यक सामग्री शामिल थी। BPCL एएफएस प्रयागराज की इस पहल का उद्देश्य केवल आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराना ही नहीं, बल्कि बेसहारा बच्चों और बुजुर्गों को यह भरोसा दिलाना भी था कि समाज उनके साथ खड़ा है। संस्था के पदाधिकारियों ने BPCL टीम के इस मानवीय प्रयास की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।

Post a Comment

0 Comments