Ticker

6/recent/ticker-posts

चार केंद्रों पर शुरू हुई यूपीटीईटी-2026 परीक्षा, डीएम-एसपी ने किया निरीक्षण...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (यूपीटीईटी-2026) गुरुवार को जनपद के चार परीक्षा केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा और पारदर्शी व्यवस्था के बीच शुरू हुई। परीक्षा 2 से 4 जुलाई तक पांच पालियों में आयोजित की जा रही है। जिले में पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज, वीर भूमि राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय (ब्लॉक-ए), राजकीय मुकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज तथा डीएवी इंटर कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया है। पहली पाली में पंजीकृत 1800 अभ्यर्थियों में 1454 उपस्थित रहे, जबकि 346 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। वहीं दूसरी पाली में 1800 अभ्यर्थियों में से 1500 ने परीक्षा दी और 300 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। जिलाधिकारी गजल भारद्वाज एवं पुलिस अधीक्षक शशांक सिंह ने राजकीय मुकुंदलाल तिवारी इंटर कॉलेज और पीएम श्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज का निरीक्षण कर परीक्षा व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

उन्होंने परीक्षा कक्षों, प्रवेश व्यवस्था, सीसीटीवी निगरानी और सुरक्षा प्रबंधों का निरीक्षण करते हुए अधिकारियों को निष्पक्ष, शांतिपूर्ण एवं पारदर्शी ढंग से परीक्षा संपन्न कराने के निर्देश दिए। प्रशासन की ओर से सभी चारों परीक्षा केंद्रों पर सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था के बीच परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो रही है।

Post a Comment

0 Comments