Ticker

6/recent/ticker-posts

बजरंग दल ने कोखराज थाने का किया घेराव, आरोपियों पर सख्त कार्यवाही की मांग...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : कोखराज थाना क्षेत्र में मारपीट के एक मामले में पुलिस की कथित निष्क्रियता से नाराज बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने बुधवार को कोखराज थाने का घेराव कर आरोपियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की। मिली जानकारी के अनुसार, थाना क्षेत्र के खोरांव गांव निवासी प्रदीप कुमार विश्वकर्मा पुत्र गोरे लाल विश्वकर्मा ने आरोप लगाया कि बिजली विभाग के कर्मचारी ट्रांसफार्मर संबंधी शिकायत की जांच के लिए गांव आए थे। इसी दौरान गांव के मोहम्मद नदीम सलमानी, इरफान, लड्डन मियां तथा एक अन्य महिला वहां पहुंचे और गाली-गलौज करने लगे। पीड़ित का आरोप है कि विरोध करने पर मोहम्मद नदीम ने उन्हें पकड़कर जमीन पर पटक दिया और लात-घूंसों से मारपीट की। किसी तरह वह घर में घुस गए, लेकिन आरोपियों ने उन्हें घर से घसीटकर बाहर निकाल लिया और दोबारा मारपीट की।

आरोप है कि इस दौरान उन पर धारदार हथियार से भी हमला किया गया, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर पहुंचे ग्रामीणों ने बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। जाते समय आरोपियों ने जान से मारने और गांव छोड़ने की धमकी भी दी। प्रदीप कुमार का कहना है कि घटना की सूचना पुलिस को देने के बावजूद समय पर प्रभावी कार्रवाई नहीं की गई, जिससे उनका परिवार भय और असुरक्षा के माहौल में जी रहा है। पुलिस कार्रवाई में देरी के विरोध में बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने कोखराज थाने का घेराव कर आरोपियों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की मांग की।

इस दौरान जिला गौ रक्षा प्रमुख रूपेंद्र शर्मा, जिला संयोजक धीरेंद्र सिंह, जिला सह संयोजक राजेश कुमार, जिला विद्यार्थी प्रमुख आशीष चौरसिया सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे। ख़बर पीड़ित पक्ष के आरोपों पर आधारित है। पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments