रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : सराय अकिल थाना क्षेत्र के अमली गांव में मंगलवार सुबह गोबर के ढेर के पास एक नवजात शिशु लावारिस हालत में मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। समय रहते ग्रामीणों की सूचना और पुलिस की तत्परता से नवजात की जान बच गई। मिली जानकारी के अनुसार, सुबह लकड़ी काटने गए एक युवक की नजर गोबर के ढेर के पास पड़े नवजात पर पड़ी। उसने तत्काल शोर मचाकर ग्रामीणों को बुलाया। सूचना मिलने पर भगवानपुर पुलिस चौकी की टीम मौके पर पहुंची और नवजात को अपनी अभिरक्षा में लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) सराय अकिल पहुंचाया।
सीएचसी में चिकित्सकों ने नवजात को भर्ती कर उपचार शुरू कर दिया। डॉक्टरों के मुताबिक बच्चे की हालत पर लगातार निगरानी रखी जा रही है।
घटना के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। पुलिस नवजात को लावारिस छोड़ने वाले लोगों की तलाश में जुटी है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और मामले की जांच की जा रही है। वहीं, प्रशासन बच्चे के बेहतर इलाज और आगे की कानूनी प्रक्रिया सुनिश्चित करने में जुटा हुआ है।
0 Comments