रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद के पिपरी थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाते हुए लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय पहुंचकर पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) से निष्पक्ष जांच और दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्यवाही की मांग की है। पीड़िता ममता देवी सरोज, निवासी मादपुर मनौरी, थाना पूरामुफ्ती, जनपद प्रयागराज ने दिए गए प्रार्थना पत्र में आरोप लगाया है कि वह वर्तमान में पिपरी थाना क्षेत्र के बलहेपुर गांव निवासी एक व्यक्ति के साथ लिव-इन रिलेशनशिप में रह रही है। महिला का आरोप है कि 12 मई 2026 की शाम एक युवक ने उसके घर में घुसकर उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया तथा विरोध करने पर मारपीट करते हुए बच्चों को जान से मारने की धमकी दी। महिला का यह भी आरोप है कि 13 मई की रात वही युवक दोबारा घर में घुस आया और उसके साथ अभद्रता की। शोर मचाने पर अन्य लोग भी मौके पर पहुंचे और उसके तथा उसके साथी के साथ मारपीट की। साथ ही जातिसूचक शब्दों का प्रयोग करते हुए जान से मारने की धमकी दी गई।
पीड़िता का आरोप है कि पिपरी थाने में शिकायत देने के बावजूद पुलिस ने दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज नहीं किया, बल्कि उसकी तहरीर बदलवाकर केवल मारपीट से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया। महिला ने यह भी आरोप लगाया कि अपर पुलिस महानिदेशक, प्रयागराज के मेडिकल परीक्षण कराने संबंधी आदेश के बावजूद पुलिस ने उसका मेडिकल नहीं कराया और बाद में आरोपपत्र दाखिल कर दिया।
पीड़िता ने अब लखनऊ पहुंचकर पुलिस महानिदेशक से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने, मेडिकल संबंधी आदेश का पालन सुनिश्चित कराने तथा आरोपितों और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई की मांग की है। यह ख़बर पीड़िता द्वारा लगाए गए आरोपों और पुलिस महानिदेशक को दिए गए प्रार्थना पत्र पर आधारित है। मामले में पुलिस का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रकाशित किया जाएगा।
0 Comments