Ticker

6/recent/ticker-posts

आषाढ़ मेले की सुरक्षा तैयारियां तेज, ग्राम प्रहरियों को बांटे गए पहचान-पत्र...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : जनपद के प्रसिद्ध शक्तिपीठ कड़ा शीतला धाम में आयोजित होने वाले ऐतिहासिक आषाढ़ मेला-2026 को सुरक्षित, शांतिपूर्ण और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शनिवार/रविवार की रात कड़ाधाम थाना परिसर में ग्राम प्रहरियों (चौकीदारों) को पहचान-पत्र वितरित किए गए। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक कौशांबी सत्यनारायण के निर्देशन में आयोजित हुआ। इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक अमिता सिंह, क्षेत्राधिकारी सिराथू एवं उपजिलाधिकारी सिराथू ने संयुक्त रूप से ग्राम प्रहरियों को पहचान-पत्र सौंपे और उन्हें मेले की सुरक्षा व्यवस्था में सक्रिय भूमिका निभाने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में कानून-व्यवस्था बनाए रखने, संदिग्ध गतिविधियों की समय पर सूचना पुलिस तक पहुंचाने तथा बड़े आयोजनों के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने में ग्राम प्रहरियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण होती है।

उन्होंने सभी ग्राम प्रहरियों से आह्वान किया कि आषाढ़ मेले के दौरान अपने-अपने क्षेत्रों में पूरी सतर्कता बरतें, संदिग्ध व्यक्तियों और गतिविधियों पर पैनी नजर रखें तथा किसी भी सूचना को तत्काल पुलिस के साथ साझा करें। पुलिस प्रशासन का कहना है कि ग्राम प्रहरियों के सहयोग से आषाढ़ मेले में आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुरक्षा और व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments