Ticker

6/recent/ticker-posts

दहेज की मांग पूरी न होने पर लौटी बारात, पीड़ित ने एडीजी जोन से लगाई न्याय की गुहार...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के गोविंदपुर तेवारा गांव निवासी पप्पू पटेल ने अपर पुलिस महानिदेशक (जोन) प्रयागराज से शिकायत कर बेटी की शादी में कथित रूप से दहेज की अतिरिक्त मांग कर बारात वापस ले जाने और पहले से दिए गए सामान को न लौटाने के मामले में कार्यवाही की मांग की है। शिकायत के अनुसार, पप्पू पटेल ने अपनी पुत्री मनोरमा पटेल का विवाह बांदा जनपद के कमासिन थाना क्षेत्र स्थित ओझा नगर निवासी देशराज पटेल से तय किया था। उनका कहना है कि सगाई में 5 हजार रुपये बयाना देने के बाद 29 अप्रैल 2026 को तिलक समारोह में एक अपाचे मोटरसाइकिल, 30 हजार रुपये नकद, सोने की अंगूठी तथा अन्य उपहार दिए गए थे। पीड़ित का आरोप है कि 7 मई 2026 को बारात गांव पहुंचने से पहले दूल्हे के पिता, भाई और अन्य परिजनों ने अतिरिक्त दहेज के रूप में 5 लाख रुपये, सोने की चेन और एलईडी टीवी की मांग की। मांग पूरी न होने पर बारात गांव के बाहर से ही वापस लौट गई।

शिकायत में यह भी आरोप लगाया गया है कि बाद में दिए गए सामान की वापसी मांगने पर आरोपी पक्ष ने गाली-गलौज और धमकी दी। पीड़ित का कहना है कि उसने स्थानीय पुलिस तथा थाना कमासिन, जनपद बांदा में कई बार शिकायत की, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। पप्पू पटेल ने यह भी आरोप लगाया है कि 29 जून 2026 को थाना कमासिन से लौटते समय आरोपियों ने रास्ते में रोककर उनके साथ मारपीट की और दोबारा थाने आने पर जान से मारकर नदी में फेंकने की धमकी दी। पीड़ित ने एडीजी जोन प्रयागराज से मामले की निष्पक्ष जांच कराते हुए आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई तथा दिए गए दहेज के सामान और धनराशि की बरामदगी कराने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments