ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : उत्तर प्रदेश शासन के वृक्षारोपण महायज्ञ-2026 के अंतर्गत निर्धारित 35 करोड़ पौधरोपण लक्ष्य को सफल बनाने के क्रम में रविवार को 42वीं वाहिनी पीएसी, नैनी परिसर में ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के तहत वृहद वृक्षारोपण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वाहिनी के ब्रास बैंड के मधुर वादन के साथ उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। कार्यक्रम में सेनानायक राजेश कुमार श्रीवास्तव (आईपीएस) ने पर्यावरण संरक्षण और वृक्षारोपण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान जन्मदात्री माँ और धरती माँ, दोनों के प्रति सम्मान, कृतज्ञता और जिम्मेदारी का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उनका संरक्षण और संवर्धन कर उन्हें सशक्त वृक्ष बनाना भी सभी की जिम्मेदारी है। वृक्षारोपण अभियान में वार्ड-81 के पार्षद मयंक यादव, वार्ड-40 की प्रतिनिधि पूजा पवन यादव, बार काउंसिल हाईकोर्ट इलाहाबाद के प्रत्याशी मंत्री ऋषि शंकर द्विवेदी, अधिवक्ता पंडित मितुल कुमार शर्मा, विवेक यादव तथा संदीप द्विवेदी सहित कई जनप्रतिनिधियों एवं गणमान्य नागरिकों ने भाग लिया।
सभी ने विभिन्न प्रजातियों के छायादार एवं फलदार पौधों का रोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस अवसर पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों, जवानों एवं जनप्रतिनिधियों ने अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा लगाए गए पौधों की देखभाल और संरक्षण का सामूहिक संकल्प लिया। कार्यक्रम में सहायक सेनानायक देव नारायण यादव, शिविरपाल अरविंद कुमार सिंह, आशुलिपिक संजीव सिंह यादव, दलनायक मिथलेश कुमार राय, सुबेदार मेजर हरदास सहित वाहिनी के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे।
0 Comments