Ticker

6/recent/ticker-posts

तिल्हापुरमोड़ पर मोटर वाइंडिंग की दुकान में चोरी, लगभग 50 हजार का सामान पार...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के तिल्हापुर मोड़ में चोरों ने एक मोटर वाइंडिंग की दुकान को निशाना बनाते हुए करीब ₹50 हजार मूल्य का सामान चोरी कर लिया। घटना के बाद क्षेत्र के व्यापारियों में दहशत का माहौल है और पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने की मांग की गई है। मिली जानकारी के अनुसार तिल्हापुर मोड़ निवासी प्रदीप कुमार प्रजापति पुत्र राजाराम की मोटर वाइंडिंग की दुकान में बीती रात अज्ञात चोरों ने ताला तोड़कर प्रवेश किया। चोर दुकान में रखा कॉपर तार तथा फ्रिज का कंप्रेसर सहित लगभग 50 हजार मूल्य का सामान समेट ले गए। शनिवार सुबह जब प्रदीप कुमार दुकान खोलने पहुंचे तो मुख्य दरवाजे का ताला टूटा मिला। अंदर जाकर देखा तो दुकान से कीमती सामान गायब था। घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के दुकानदार और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। पीड़ित ने तत्काल पिपरी थाना पुलिस को सूचना देकर चोरी की घटना से अवगत कराया और अज्ञात चोरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।

स्थानीय व्यापारियों का कहना है कि तिल्हापुर मोड़ क्षेत्र में लगातार चोरी की घटनाएं बढ़ रही हैं, जिससे व्यापारियों और आम लोगों में असुरक्षा की भावना बढ़ गई है। उन्होंने पुलिस प्रशासन से रात्रि गश्त तेज करने, संदिग्ध व्यक्तियों पर नजर रखने तथा चोरों की शीघ्र गिरफ्तारी कर चोरी गए सामान की बरामदगी सुनिश्चित करने की मांग की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सूचना प्राप्त हुई है। घटना की जांच की जा रही है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर चोरों की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है। जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा किया गया है।

Post a Comment

0 Comments