रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : जनपद के कड़ा विकासखंड स्थित प्राथमिक विद्यालय लुकिया में एक महिला शिक्षिका के चाकू और चापड़ लेकर विद्यालय पहुंचने का मामला सामने आया है। इस घटना से विद्यालय के छात्र-छात्राओं, शिक्षकों और अभिभावकों में दहशत का माहौल है। शिक्षिका का कक्षा के अंदर धारदार हथियार हाथ में लेकर बैठने और उन्हें लहराने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। मिली जानकारी के अनुसार, विद्यालय की इंचार्ज प्रधानाध्यापिका शिखा सिंह, जो प्रयागराज की निवासी बताई जा रही हैं, पिछले तीन-चार दिनों से विद्यालय में चाकू और चापड़ लेकर आ रही हैं। शुक्रवार को वायरल हुए वीडियो में वह कक्षा के भीतर कुर्सी पर बैठी हुई दिखाई दे रही हैं और उनके हाथ में धारदार हथियार नजर आ रहे हैं। विद्यालय के कुछ कर्मचारियों ने नाम न प्रकाशित करने की शर्त पर बताया कि शिक्षिका के इस व्यवहार से पूरा स्टाफ भयभीत है। उनका कहना है कि शिक्षिका पिछले कुछ दिनों से असामान्य व्यवहार कर रही हैं, जिससे विद्यालय का माहौल प्रभावित हुआ है।
शिक्षिका की इस हरकत का असर बच्चों की उपस्थिति पर भी पड़ रहा है। कई अभिभावकों ने अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है। उनका कहना है कि विद्यालय जैसा सुरक्षित स्थान यदि भय का कारण बन जाए तो बच्चों को पढ़ाई के लिए भेजना मुश्किल हो जाएगा। वहीं, इस संबंध में जब शिक्षिका शिखा सिंह से बात की गई तो उन्होंने कहा कि उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर खतरा महसूस हो रहा है। इसी कारण वह आत्मरक्षा के लिए चाकू और चापड़ साथ लेकर विद्यालय आई थीं।
फिलहाल इस मामले का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है। मामले में शिक्षा विभाग के अधिकारियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। यदि वीडियो की पुष्टि होती है तो विभागीय जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
0 Comments