ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के काली मंदिर के पास जीटी रोड पर मंगलवार को दो लोडर गाड़ियों के बीच हुई भीषण टक्कर से अफरा-तफरी मच गई। हादसा इतना जबरदस्त था कि दोनों वाहनों के अगले हिस्से बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और दोनों चालकों में से एक चालक गाड़ी के केबिन में बुरी तरह फंस गया। घटना की सूचना मिलते ही पूरामुफ्ती थाना पुलिस, डायल-112 और फायर ब्रिगेड की टीम मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने स्थानीय ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद चालक को वाहन से बाहर निकाला। घायल चालक को तत्काल एम्बुलेंस की सहायता से उपचार के लिए स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल भेजा गया, जहां उसका इलाज चल रहा है। दूसरे वाहन के चालक को भी चोटें आई हैं, जिसे प्राथमिक उपचार उपलब्ध कराया गया। हादसे के कारण जीटी रोड पर दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और यातायात कुछ समय के लिए बाधित हो गया। इसके बाद पुलिस ने जेसीबी मशीन मंगाकर क्षतिग्रस्त लोडर वाहनों को सड़क किनारे हटवाया। करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद यातायात को सामान्य कराया जा सका। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर की आवाज काफी दूर तक सुनाई दी, जिससे आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए।
स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य में पुलिस का सहयोग किया, जिससे चालक को समय रहते बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया जा सका। पुलिस ने बताया कि दुर्घटना के कारणों की जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर तेज रफ्तार और लापरवाही हादसे की वजह मानी जा रही है। दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
0 Comments