Ticker

6/recent/ticker-posts

मारपीट में महिला की हालत गंभीर, पीड़ित ने एडीजी से लगाई न्याय की गुहार...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र के अहमदपुर पावन निवासी शिवा लाल ने अपर पुलिस महानिदेशक (एडीजी) प्रयागराज जोन को प्रार्थना पत्र देकर आरोप लगाया है कि पुरानी रंजिश को लेकर उनके पुत्र और रिश्तेदारों के साथ मारपीट की गई, जिसमें एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई, लेकिन स्थानीय पुलिस ने अब तक मुकदमा दर्ज नहीं किया। शिकायती पत्र के अनुसार, 8 जुलाई 2026 की सुबह शिवा लाल का पुत्र परमेश कुमार अपनी रिश्तेदारी में शेखवापुर गांव गया था। आरोप है कि वहां जितेंद्र, सुनील, छोटू, अजय, हिमांशु तथा 8–10 अज्ञात लोगों ने पुरानी रंजिश के चलते उसके साथ गाली-गलौज और मारपीट की। बीच-बचाव करने पहुंचे रिश्तेदार सुरजीत के आने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए चले गए। पीड़ित का आरोप है कि उसी रात करीब 9 बजे सभी आरोपी दोबारा रिश्तेदार के घर पहुंचे और परमेश कुमार को बाहर निकालने की बात कहते हुए हमला कर दिया। इस दौरान ईंट-पत्थर चलने से शिवा लाल के साले लल्लू की पत्नी लल्ली के सिर में गंभीर चोट लग गई। घायल महिला को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।

शिवा लाल का कहना है कि घटना की सूचना तत्काल पूरामुफ्ती पुलिस को दी गई। पुलिस मौके पर पहुंची और कुछ लोगों को हिरासत में लिया, लेकिन मुख्य आरोपी अब भी खुलेआम घूम रहे हैं। आरोप है कि गंभीर घटना के बावजूद अभी तक पुलिस ने मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पीड़ित ने एडीजी प्रयागराज जोन से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपियों के विरुद्ध एफआईआर दर्ज कर सख्त कानूनी कार्रवाई कराने की मांग की है। समाचार पीड़ित द्वारा एडीजी प्रयागराज जोन को दिए गए शिकायती पत्र में लगाए गए आरोपों पर आधारित है। मामले में पुलिस का आधिकारिक पक्ष प्राप्त होना शेष है।

Post a Comment

0 Comments