Ticker

6/recent/ticker-posts

पूरामुफ्ती पुलिस ने ब्लैक फिल्म लगी रोकी स्कार्पियो, रोकने पर किसान नेताओं से नोकझोंक का वीडियो वायरल...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

प्रयागराज : पूरामुफ्ती थाना क्षेत्र की बम्हरौली चौकी के सामने रविवार को पुलिस ने किसान यूनियन का झंडा लगी एक काली स्कार्पियो गाड़ी को जांच के लिए रोक लिया। पुलिस के अनुसार वाहन में हूटर और शीशों पर ब्लैक फिल्म लगी थी। इसी बात को लेकर पुलिस और वाहन में मौजूद किसान नेताओं के बीच तीखी नोकझोंक हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पुलिस ने वाहन से ब्लैक फिल्म, हूटर हटाने को कहा, लेकिन इस पर सहमति नहीं बनने से काफी देर तक बहस होती रही। मौके पर मौजूद पुलिस अधिकारियों ने मोटर वाहन नियमों का हवाला देते हुए ब्लैक फिल्म हटाने की बात कही। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वायरल वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर विभिन्न तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। कुछ लोगों ने आरोप लगाया कि किसान यूनियन के नाम और झंडे का दुरुपयोग कर नियमों की अनदेखी की जा रही है, जबकि कुछ ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है।

हालांकि, वायरल वीडियो में लगाए जा रहे आरोपों की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो सकी है। पुलिस की ओर से भी इस मामले में आधिकारिक बयान या किसी मुकदमे की पुष्टि समाचार लिखे जाने तक नहीं की गई थी। यदि पुलिस या संबंधित किसान संगठन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया आती है तो उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments