ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के महमूदपुर मनौरी गांव में रेलवे पावर हाउस के समीप स्थित पटाखा विनिर्माण कारखाने में सोमवार, 31 अगस्त 2026 को पूर्वाह्न अचानक हुए भीषण विस्फोट से इलाके में हड़कंप मच गया। हादसे में अब तक 11 लोगों की मौत की पुष्टि जिला प्रशासन ने की है, जबकि छह लोग घायल हुए हैं। मृतकों में कई मासूम बच्चे भी शामिल हैं। जिला प्रशासन द्वारा जारी सूची के अनुसार मृतकों की पहचान ज्ञान सिंह (35) निवासी सझिया मजरा चरवा, आदित्य (10), रवि (7), अमित (2) और जान्हवी (15) निवासी मीरपुर पिपरी, विक्रम सरोज (38), उनके पुत्र अंश (4) व शिवांश (6), अंजू देवी (36) निवासी पंसौर चरवा तथा प्रियांजलि (5) और प्रवीन (14) निवासी पाली उपरहार के रूप में हुई है।
छह लोग घायल, पांच प्रयागराज रेफर...
हादसे में माला देवी, राजेश, सविता देवी (35), अनीता देवी (42), उर्वशी (17) और पीहू (8) घायल हुई हैं। जिला प्रशासन के मुताबिक इनमें से पांच घायलों को स्वरूपरानी नेहरू मेडिकल कॉलेज, प्रयागराज में भर्ती कराया गया है, जबकि आठ वर्षीय पीहू का इलाज बालाजी अस्पताल, मनौरी में चल रहा है।
NDRF-SDRF और एयरफोर्स की टीम मौके पर रही मौजूद...
विस्फोट की सूचना मिलते ही कौशाम्बी और प्रयागराज प्रशासन में हड़कंप मच गया। मौके पर जिला मजिस्ट्रेट, पुलिस अधीक्षक समेत पुलिस और प्रशासन के तमाम अधिकारी पहुंचे। राहत एवं बचाव कार्य के लिए NDRF और SDRF की रेस्क्यू टीमों को तत्काल लगाया गया। एयरफोर्स की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर बचाव अभियान में सहयोग किया।
हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुटी रही। पुलिस और प्रशासन की टीमें मलबे और आसपास के क्षेत्र में लगातार राहत एवं बचाव कार्य में जुटी रहीं।
जनप्रतिनिधियों ने भी लिया घटनास्थल का जायजा...
घटना की गंभीरता को देखते हुए प्रयागराज के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता 'नंदी', पूर्व विधायक संजय कुमार गुप्ता, पूर्व सांसद विनोद सोनकर, जिले की प्रभारी मंत्री समेत कई जनप्रतिनिधियों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और अधिकारियों से हादसे की जानकारी ली।
CM योगी ने आर्थिक सहायता का किया ऐलान...
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे का संज्ञान लेते हुए मृतकों के परिजनों को दो-दो लाख रुपये तथा घायलों को 50-50 हजार रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है। इसके अलावा जिन लोगों की संपत्ति को हादसे में भारी नुकसान हुआ है, उन्हें भी सरकार की ओर से नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराने की बात कही गई है।
दोषियों पर कड़ी कार्यवाही के संकेत...
हादसे के बाद पुलिस और प्रशासन ने पटाखा फैक्ट्री के संचालन और सुरक्षा मानकों समेत पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस अधीक्षक ने कहा है कि जांच में जो भी लोग दोषी पाए जाएंगे, उनके खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जरूरत पड़ने पर आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत भी कार्यवाही की जाएगी। प्रशासन की कार्रवाई में पटाखा फैक्ट्री संचालक से जुड़े कई अन्य पटाखा भंडारण एवं निर्माण स्थलों पर भी बुलडोजर चलाकर ध्वस्तीकरण की कार्रवाई किए जाने की जानकारी सामने आई है। इसके साथ ही बड़ी मात्रा में पटाखे भी जब्त किए गए हैं। फिलहाल पुलिस-प्रशासन की टीमें पूरे मामले की जांच में जुटी हैं। हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या और बढ़ने की आशंका के बीच राहत एवं बचाव अभियान जारी है।
0 Comments