Ticker

6/recent/ticker-posts

हर घर तिरंगा अभियान की तैयारियां तेज, जिले में 2.5 लाख तिरंगे तैयार कराने का लक्ष्य...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर आयोजित होने वाले 'हर घर तिरंगा अभियान-2026' के सफल क्रियान्वयन को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी गजल भारद्वाज की अध्यक्षता में जनपद स्तरीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में अभियान को जनभागीदारी के साथ उत्सव के रूप में मनाने और निर्धारित समय सीमा में प्रत्येक घर तक तिरंगा पहुंचाने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने बताया कि शासन की ओर से जनपद में 2.50 लाख तिरंगे उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के स्वयं सहायता समूहों को सौंपी गई है। इसके तहत 52 स्वयं सहायता समूहों की 210 महिला सदस्य ध्वज संहिता के अनुरूप उच्च गुणवत्ता वाले राष्ट्रीय ध्वज तैयार करेंगी। उन्होंने बताया कि 8 अगस्त से 15 अगस्त तक पूरे जिले में हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत बाइक रैली, प्रभात फेरी और विभिन्न जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। साथ ही ग्राम पंचायतों, विकास खंडों, तहसीलों एवं सभी संबंधित विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर अभियान को सफल बनाने के निर्देश दिए गए।

जिलाधिकारी ने स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार किए गए झंडों के भुगतान और वितरण की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पूरा करने पर जोर दिया। विभिन्न विभागों को भी अपने-अपने लाभार्थियों तक निःशुल्क तिरंगे उपलब्ध कराने का लक्ष्य सौंपा गया। मुख्य विकास अधिकारी बलराम कुमार ने कहा कि सभी विभागाध्यक्ष ध्वज फहराने से संबंधित नियमों और ध्वज संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि यह अभियान जहां राष्ट्रभक्ति की भावना को मजबूत करेगा, वहीं स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को रोजगार का अवसर भी प्रदान करेगा।

बैठक में एडीएम (वि./रा.) इन्द्र नन्दन सिंह, बीएसए राहुल मिश्रा, डीडीएजी रामसजीवन, डीसी एनआरएलएम अशोक कुमार, डीपीआरओ चन्द्रकिशोर वर्मा, पर्यटन अधिकारी चित्रगुप्त सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे। जिलाधिकारी ने कहा कि 'हर घर तिरंगा' केवल एक अभियान नहीं, बल्कि राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता और नागरिक कर्तव्य की भावना को मजबूत करने वाला जनआंदोलन है।

Post a Comment

0 Comments