Ticker

6/recent/ticker-posts

सड़क दुघर्टना में अबान की मौत की वजह आई सामने, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में गंभीर चोटों का खुलासा...

रिपोर्ट-संदीप कुमार 

झांसी : झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए सड़क हादसे में जान गंवाने वाले माफिया अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे अबान अहमद की पोस्टमार्टम रिपोर्ट सामने आ गई है। झांसी मेडिकल कॉलेज में तीन डॉक्टरों के पैनल ने पोस्टमार्टम किया। रिपोर्ट के मुताबिक सिर में गंभीर चोट लगने से ब्रेन हेमरेज और शरीर के अंदरूनी अंगों में आई गंभीर चोटें मौत की मुख्य वजह बनीं। हादसे में अबान के दोस्त सोनू की भी मौत हो गई थी, जबकि कार में सवार तीन अन्य युवक घायल हुए थे। पोस्टमार्टम के दौरान डॉक्टरों को अबान और सोनू के सिर में गंभीर चोटें मिलीं। इसके अलावा लीवर, फेफड़े और पेट के अंदरूनी अंगों को भी भारी नुकसान पहुंचा था। आंत और हृदय भी गंभीर रूप से प्रभावित हुए थे। चिकित्सकों के अनुसार, अत्यधिक अंदरूनी रक्तस्राव और गंभीर चोटों के चलते दोनों की मौत हुई।

पोस्टमार्टम के बाद प्रयागराज भेजा गया शव...

पोस्टमार्टम की कार्रवाई पूरी होने के बाद अबान का शव परिजनों को सौंप दिया गया। इसके बाद शव को प्रयागराज के हटवा स्थित उसकी चाची के घर लाया गया। परिवार के अनुसार, शुक्रवार को जुमे की नमाज के बाद अबान को कसारी-मसारी कब्रिस्तान में सुपुर्द-ए-खाक किया जाएगा।
कसारी-मसारी कब्रिस्तान में ही अबान के पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और बड़े भाई असद की कब्रें हैं। परिजनों के मुताबिक अबान की कब्र भी अतीक अहमद की कब्र के समीप तैयार की गई है।

बताया जा रहा है कि झांसी-कानपुर हाईवे पर हुए इस भीषण सड़क हादसे में कार अनियंत्रित होकर दुर्घटनाग्रस्त हुई थी। हादसे में दो युवकों की मौत के बाद पुलिस ने घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया था। मामले में हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

Post a Comment

0 Comments