ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे मोहम्मद अबान अहमद को शनिवार को प्रयागराज के कसारी-मसारी कब्रिस्तान में कड़ी पुलिस सुरक्षा के बीच सुपुर्द-ए-खाक कर दिया गया। अबान के जनाजे में बड़ी संख्या में लोग पहुंच गए, जिससे कुछ देर के लिए भीड़ अनियंत्रित हो गई। कब्रिस्तान में प्रवेश को लेकर लोगों की भीड़ बढ़ने पर पुलिस को बल प्रयोग करना पड़ा। इस दौरान पुलिस द्वारा लोगों को पीछे हटाने के लिए लाठी और बंदूक के बट का इस्तेमाल किए जाने की बात सामने आई। इससे मौके पर अफरातफरी का माहौल बन गया। अबान के शव को कब्रिस्तान के बाहर नमाज-ए-जनाजा के बाद उनके भाइयों अली अहमद, उमर अहमद और अहजम ने कंधा दिया। तीनों भाइयों ने जनाजे को कब्र तक पहुंचाया, जिसके बाद अबान को उनके पिता अतीक अहमद, चाचा अशरफ और भाई असद की कब्र के पास सुपुर्द-ए-खाक किया गया। अबान के अंतिम संस्कार में शामिल होने के लिए जेल में बंद उनके बड़े भाई अली अहमद और उमर अहमद को अदालत के आदेश के बाद कड़ी सुरक्षा के बीच प्रयागराज लाया गया था। अली अहमद झांसी जेल, जबकि उमर अहमद लखनऊ जेल में बंद हैं। प्रशासन की ओर से दोनों को निर्धारित शर्तों के तहत अंतिम संस्कार में शामिल होने की अनुमति दी गई थी। दोनों भाइयों के प्रयागराज पहुंचने की खबर फैलते ही कसारी-मसारी कब्रिस्तान के आसपास बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और समर्थक जुट गए। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कब्रिस्तान और आसपास के इलाकों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। पुलिस ने भीड़ को नियंत्रित करने के लिए बैरिकेडिंग और अन्य सुरक्षा इंतजाम किए।
झांसी में हादसे में हुई थी मौत...
गौरतलब है कि छह अगस्त को अबान अहमद अपने कुछ साथियों के साथ प्रयागराज से झांसी जेल में बंद अपने भाई अली अहमद से मिलने जा रहा था। इसी दौरान झांसी के पूंछ थाना क्षेत्र में कानपुर-झांसी राष्ट्रीय राजमार्ग पर तेज रफ्तार क्रेटा कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई थी। हादसे में अबान अहमद और उसके साथी सोनू की मौत हो गई थी, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हुए थे।
अबान की मौत ने अतीक अहमद के परिवार को एक बार फिर गहरे सदमे में डाल दिया। इससे पहले वर्ष 2023 में अतीक के बेटे असद अहमद की भी झांसी में एसटीएफ के साथ हुई मुठभेड़ में मौत हुई थी। तीन साल बाद अबान की झांसी में सड़क हादसे में मौत होने से परिवार का झांसी से जुड़ा एक और दुखद अध्याय सामने आया है।
0 Comments