रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : विकास खंड मूरतगंज की ग्राम पंचायत बजहा में अव्यवस्थाओं का आलम ग्रामीणों के लिए परेशानी का सबब बना हुआ है। गांव में धार्मिक स्थल मंदिर तक जाने वाला रास्ता लंबे समय से बदहाल स्थिति में पड़ा है। रास्ते पर फैली गंदगी और अव्यवस्थाओं के कारण सुबह-शाम पूजा-पाठ के लिए मंदिर जाने वाले श्रद्धालुओं को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों का आरोप है कि मंदिर तक पहुंचने वाले मार्ग की स्थिति इतनी खराब है कि बरसात के दिनों में परेशानी और बढ़ जाती है। रास्ते के आसपास साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदगी का अंबार लगा रहता है। इससे धार्मिक स्थल की गरिमा भी प्रभावित हो रही है। ग्रामीणों का कहना है कि मंदिर के आसपास स्वच्छता व्यवस्था दुरुस्त कराने और रास्ते की मरम्मत के लिए कई बार ग्राम पंचायत के जिम्मेदारों से शिकायत की जा चुकी है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं कराया गया। ग्रामीणों ने ग्राम प्रधान और पंचायत सचिव की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि एक ओर गांव के विकास और साफ-सफाई को लेकर तमाम दावे किए जाते हैं, वहीं दूसरी ओर धार्मिक स्थल तक जाने वाला मुख्य रास्ता बदहाल पड़ा है।
इससे विकास कार्यों की वास्तविक स्थिति पर सवाल खड़े हो रहे हैं। ग्रामीणों ने उच्चाधिकारियों से मामले का संज्ञान लेते हुए मंदिर तक जाने वाले रास्ते की मरम्मत कराने, जलभराव और गंदगी की समस्या दूर कराने तथा नियमित साफ-सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि धार्मिक स्थल से जुड़ा होने के कारण इस मार्ग की उपेक्षा किसी भी स्थिति में उचित नहीं है। अब देखना यह है कि जिम्मेदार अधिकारी ग्रामीणों की समस्या का कब तक समाधान कराते हैं।
0 Comments