Ticker

6/recent/ticker-posts

चायल तहसीलदार पर गंभीर आरोप, स्थगन आदेश के बाद भी बैनामा कराने का दावा...

ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह 

कौशाम्बी : चायल तहसील क्षेत्र के ग्राम पुरखास निवासी मूलचन्द्र ने मुख्यमंत्री को शिकायती पत्र भेजकर वर्तमान तहसीलदार सिद्धांत कुमार यादव पर भूमाफिया अनवार अहमद खान से कथित मिलीभगत कर स्थगन आदेश के बावजूद जमीन का बैनामा कराए जाने का गंभीर आरोप लगाया है। शिकायतकर्ता ने मामले की उच्चस्तरीय जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। शिकायती पत्र के मुताबिक ग्राम सभा पुरखास स्थित गाटा संख्या 1201 में 1.1560 हेक्टेयर और गाटा संख्या 1003 में 0.2960 हेक्टेयर भूमि के मूल खातेदार अनुसूचित जाति वर्ग से संबंधित बताए गए हैं। आरोप है कि उक्त भूमि का अनवार अहमद खान ने जिलाधिकारी की अनुमति के बिना बैनामा करा लिया और बाद में नामांतरण भी करा लिया। शिकायतकर्ता का आरोप है कि इसके बाद जमीन पर प्लाटिंग का प्रयास शुरू किया गया। मामले की जानकारी होने पर मूलचन्द्र ने तहसीलदार चायल के न्यायालय में पुनर्स्थापन प्रार्थना पत्र दाखिल किया।

शिकायत के अनुसार न्यायालय ने 22 अप्रैल 2026 को स्थगन आदेश पारित किया, जिसका अमलदरामद खतौनी में भी दर्ज है। इसके बावजूद शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि वर्तमान तहसीलदार की कथित मिलीभगत से स्थगन आदेश के बाद भी बैनामा कराया गया। शिकायतकर्ता ने दावा किया कि मामले की जानकारी जिलाधिकारी और अपर जिलाधिकारी कौशाम्बी को मोबाइल तथा व्हाट्सएप के माध्यम से दी गई थी। उसने पूरे प्रकरण की किसी उच्च अधिकारी से निष्पक्ष जांच कराने और नियम विरुद्ध किए गए बैनामे को निरस्त कर भूमि को ग्राम सभा के खाते में दर्ज कराने की मांग की है।

 प्रकरण में तहसीलदार न्यायालय में पुनर्स्थापन प्रार्थना पत्र विचाराधीन है, जिसकी सुनवाई 24 अगस्त 2026 को निर्धारित बताई गई है। मामले में तहसीलदार चायल का पक्ष जानने के लिए फोन पर संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन कई बार कॉल किए जाने के बावजूद फोन रिसीव नहीं हुआ। हालांकि, लगाए गए आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

Post a Comment

0 Comments