Ticker

6/recent/ticker-posts

नि:शुल्क शिक्षा की मुहिम को मिला सम्मान, इन्द्र कुमार कुशवाहा होंगे सम्मानित...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 

महोबा : शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए चरखारी निवासी एवं अम्बेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन के डायरेक्टर इन्द्र कुमार कुशवाहा को ‘100 Inspiring Indians Award 2026’ से सम्मानित किया जाएगा। इंपैक्ट इंडिया समिट की ओर से 23 अगस्त 2026 को लखनऊ में आयोजित एनजीओ सम्मान समारोह में उन्हें यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। समारोह में देश के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 100 विशिष्ट व्यक्तित्वों को सम्मानित किया जाना है। इन्द्र कुमार कुशवाहा ने कोरोना महामारी के दौरान 15 अगस्त 2020 को गरीब और जरूरतमंद बच्चों को नि:शुल्क शिक्षा उपलब्ध कराने का संकल्प लिया था। उस समय स्कूल बंद होने के कारण आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही थी। ऐसे में उन्होंने चरखारी के रूपनगर बस्ती से नि:शुल्क पाठशाला की शुरुआत की। सीमित संसाधनों के बावजूद उनका शिक्षा सेवा अभियान लगातार जारी रहा। साथियों के सहयोग से 14 अप्रैल 2023 को डॉ. भीमराव अंबेडकर जयंती के अवसर पर एक खाली पड़े बारातघर में ‘अम्बेडकर पाठशाला एवं लाइब्रेरी’ की स्थापना की गई। यहां बच्चों को पढ़ाई के साथ कॉपी-किताबें और अन्य अध्ययन सामग्री भी नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाती है। बच्चों में आत्मविश्वास, संस्कार और राष्ट्रभक्ति की भावना विकसित करने के लिए विभिन्न गतिविधियां भी कराई जाती हैं।

जनवरी 2025 में गंभीर बीमारी के दौरान भी इन्द्र कुमार का शिक्षा सेवा का संकल्प कमजोर नहीं पड़ा। संस्था को औपचारिक रूप देने के बाद 21 मई 2025 को अम्बेडकर पाठशाला शिक्षा सेवा फाउंडेशन को भारत सरकार से मान्यता प्राप्त हुई। वर्तमान में चरखारी के रूपनगर और खंदिया बस्ती के साथ ग्राम रिछा, कुलपहाड़ में संचालित नि:शुल्क पाठशालाओं के माध्यम से बड़ी संख्या में बच्चों को शिक्षा प्रदान की जा रही है। शिक्षा के प्रति उनके निरंतर समर्पण और सेवा भावना को देखते हुए उन्हें ‘100 Inspiring Indians Award 2026’ के लिए चयनित किया गया है। सम्मान मिलने की खबर से संस्था से जुड़े लोगों और क्षेत्रवासियों में खुशी का माहौल है।

Post a Comment

0 Comments