ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
प्रयागराज : पुरामुफ्ती थाना क्षेत्र में एक युवक को कथित रूप से चार पहिया वाहन में जबरन बैठाकर ले जाने का मामला सामने आया है। घटना के संबंध में थाना पुरामुफ्ती में एफआईआर दर्ज होने के बावजूद युवक की बरामदगी न होने पर परिजनों ने पुलिस आयुक्त प्रयागराज से शिकायत कर तत्काल कार्रवाई की मांग की है। शिकायतकर्ता कमलेश कुमार निवासी अहमदपुर असरौली के मुताबिक, उनका भांजा मोनू कुशवाहा पुत्र महेश कुमार, निवासी महगांव, कौशांबी, 19 अगस्त को करीब दोपहर 12 बजे काली रंग की ग्लैमर मोटरसाइकिल से पुरामुफ्ती क्षेत्र में निजी कार्य से आया था। आरोप है कि इसी दौरान चार पहिया वाहन से पहुंचे कुछ लोगों ने उसे जबरन वाहन में बैठाया और वहां से ले गए। परिजनों का कहना है कि घटना के बाद उन्होंने स्थानीय पुलिस से संपर्क किया। शुरुआती तौर पर उन्हें आशंका थी कि युवक को पुलिसकर्मी पूछताछ के लिए ले गए होंगे, लेकिन थाना पुरामुफ्ती से जानकारी मिली कि पुलिस ने युवक को हिरासत में नहीं लिया है। मामले में दी गई तहरीर के आधार पर 20 अगस्त की देर रात 00:13 बजे एफआईआर संख्या 0099/2026 थाना पुरामुफ्ती में दर्ज की गई। शिकायत में राजकुमार, बब्लू, मुन्ना और आशुतोष समेत कुछ लोगों पर घटना में संलिप्त होने की आशंका जताई गई है। परिजनों का आरोप है कि एफआईआर दर्ज होने के बाद भी युवक की तलाश और संदिग्ध आरोपियों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई में अपेक्षित तेजी नहीं दिखाई जा रही है।
इससे परिवार में भय और चिंता का माहौल है। परिजनों ने युवक की सकुशल बरामदगी को लेकर पुलिस आयुक्त से स्पेशल/सर्विलांस टीम गठित करने, संदिग्धों से पूछताछ कराने तथा मामले की विवेचना की वरिष्ठ अधिकारी से निगरानी कराने की मांग की है। हालांकि, मामले में लगाए गए आरोप शिकायतकर्ता के हैं। पुलिस की ओर से की गई कार्रवाई और जांच के निष्कर्ष के आधार पर ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
0 Comments