रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के तियरा चौराहे के पास हौली पर मंगलवार सुबह धान के खेत में एक अधेड़ का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। खेत में शव पड़े होने की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर जुट गए। मृतक की पहचान एयरपोर्ट थाना क्षेत्र के तियरा गांव निवासी रामनरेश पुत्र गोकुल प्रसाद के रूप में हुई। ग्रामीणों ने घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पिपरी थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए जांच शुरू कर दी। शव मिलने की खबर परिजनों को हुई तो घर में कोहराम मच गया। रोते-बिलखते परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। घटना की जानकारी मिलने पर एएसपी अमिता सिंह भी मौके पर पहुंचीं। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से मामले की जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। वहीं, फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर बारीकी से जांच-पड़ताल की और साक्ष्य जुटाए।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधेड़ मजदूर की मौत किन परिस्थितियों में हुई, फिलहाल इसका स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस विभिन्न पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।
0 Comments