रिपोर्ट-जैगम हलीम
कौशाम्बी : पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी गांव में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के बाद घटना को लेकर सियासत भी तेज हो गई है। कौशाम्बी से सपा सांसद पुष्पेंद्र सरोज ने हादसे को लेकर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं। सपा सांसद ने आरोप लगाया कि मनौरी में पटाखा फैक्ट्री का कारोबार लंबे समय से कथित संरक्षण में संचालित हो रहा था। उन्होंने कहा कि यदि फैक्ट्री में सुरक्षा मानकों का पालन नहीं किया जा रहा था तो संबंधित अधिकारियों और जिम्मेदार लोगों ने समय रहते कार्रवाई क्यों नहीं की। पुष्पेंद्र सरोज ने उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य को लेकर भी सवाल खड़े किए और आरोप लगाया कि इस पूरे मामले में कहीं न कहीं उनका संरक्षण रहा है। हालांकि, ये सांसद के आरोप हैं और इनकी स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। सांसद ने सवाल उठाया कि आखिर किसके संरक्षण में पटाखा फैक्ट्री का संचालन हो रहा था और सुरक्षा नियमों की अनदेखी किसकी शह पर की गई।
उन्होंने हादसे की निष्पक्ष जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्यवाही की मांग की। पटाखा फैक्ट्री में हुए धमाके के बाद जहां पुलिस और प्रशासन घटना की जांच में जुटा है, वहीं सपा सांसद के आरोपों से मामले ने सियासी रंग ले लिया है। अब सभी की नजरें भाजपा और उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की संभावित प्रतिक्रिया पर टिकी हैं।
0 Comments