ब्यूरो रिपोर्ट-सुरेश सिंह
कौशाम्बी : चायल नगर पंचायत स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) को जाने वाला मुख्य मार्ग इन दिनों बदहाली का शिकार है। सड़क पूरी तरह क्षतिग्रस्त और जर्जर होने के साथ ही अस्पताल के मुख्य गेट के पास घुटनों तक पानी भरा हुआ है। जल निकासी की समुचित व्यवस्था न होने से मरीजों और उनके तीमारदारों को अस्पताल पहुंचने में भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के मौसम में आसपास स्थित तालाबों का जलस्तर बढ़ने के कारण जलभराव की समस्या और गंभीर हो गई है। अस्पताल के मुख्य मार्ग पर पानी भरा होने से बाइक सवार आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं। वहीं, जलभराव के कारण एंबुलेंस के आवागमन में भी परेशानी हो रही है।
चायल सीएचसी में प्रतिदिन सैकड़ों मरीज उपचार के लिए पहुंचते हैं। ऐसे में अस्पताल के बाहर रास्ते पर भरा पानी मरीजों के लिए बड़ी मुसीबत बन गया है। बुजुर्ग, महिलाएं और छोटे बच्चों को पानी के बीच से होकर अस्पताल पहुंचना पड़ रहा है। प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जलभराव और रास्ते की समस्या को लेकर कई बार संबंधित जिम्मेदार अधिकारियों को अवगत कराया जा चुका है, लेकिन अभी तक समस्या का स्थायी समाधान नहीं हो सका है।
वहीं, स्थानीय ग्रामीणों में भी इस स्थिति को लेकर नाराजगी है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार शिकायत किए जाने के बावजूद जल निकासी की समुचित व्यवस्था नहीं की जा रही है। लोगों ने जिम्मेदार अधिकारियों से जल्द से जल्द जलभराव की समस्या दूर कराने और अस्पताल जाने वाले मार्ग की मरम्मत कराने की मांग की है।
0 Comments