Ticker

6/recent/ticker-posts

अजगर को बचाने पहुंचे युवक को डसा, जिला अस्पताल में चल रहा इलाज...

रिपोर्ट-जैगम हलीम 

कौशाम्बी : मूरतगंज-पल्हना घाट मार्ग पर पहलवान बाबा के पास गुरुवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब सड़क किनारे मिले अजगर को बचाने पहुंचे युवक को उसी अजगर ने डस लिया। हादसे में युवक की हालत गंभीर हो गई। परिजनों ने उसे तत्काल अस्पताल पहुंचाया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, मुजाहिदपुर निवासी जेपी सिंह गुरुवार सुबह मूरतगंज-पल्हना घाट मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान उन्हें सड़क किनारे एक अजगर दिखाई दिया। अजगर को सुरक्षित स्थान पर पहुंचाने और उसकी जान बचाने के प्रयास में जेपी सिंह उसके पास पहुंचे। इसी दौरान अजगर ने उन्हें डस लिया।
अजगर के डसने की सूचना मिलते ही जेपी सिंह के छोटे भाई एवं अपना दल के जिला महासचिव समुंदर सिंह पटेल मौके पर पहुंचे। उन्होंने गंभीर हालत में जेपी सिंह को मूरतगंज प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया।

चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी हालत नाजुक देखते हुए तत्काल मंझनपुर जिला अस्पताल रेफर कर दिया। फिलहाल जेपी सिंह का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद इलाके में चर्चा का माहौल है। वन्यजीव को बचाने की कोशिश में खुद घायल हुए जेपी सिंह की सलामती के लिए लोग दुआ कर रहे हैं।

Post a Comment

0 Comments