Ticker

6/recent/ticker-posts

अतिवृष्टि से बर्बाद फसलों का जल्द मिले मुआवजा, विधायक ने दिए निर्देश...

रिपोर्ट-इरसाद हुसैन 


महोबा : अतिवृष्टि से फसलों को हुए नुकसान और ग्रामीणों के गिरे मकानों का जायजा लेने के लिए चरखारी विधानसभा क्षेत्र के विधायक डॉ. बृजभूषण सिंह उर्फ गुड्डू राजपूत ने शुक्रवार को तहसील क्षेत्र के ग्राम अस्थौन, अकठौहा सहित अन्य गांवों का निरीक्षण किया। विधायक ने एसडीएम अवनीश कुमार तिवारी के साथ प्रभावित क्षेत्रों का भ्रमण कर किसानों और ग्रामीणों से संवाद किया तथा नुकसान की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान ग्रामीणों ने अतिवृष्टि से खरीफ की फसलों को हुए नुकसान की जानकारी विधायक को दी। किसानों की समस्याएं सुनते हुए विधायक ने उन्हें उचित कार्रवाई और जल्द राहत दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने अधिकारियों को फसल नुकसान का सही आकलन कराकर पात्र किसानों को जल्द मुआवजा दिलाने के निर्देश दिए। विधायक ने बीमा कंपनी से आए वेंडर्स और जिला कोऑर्डिनेटर आदित्य जायसवाल को कड़ी चेतावनी देते हुए कहा कि फसल नुकसान की रिपोर्ट में किसी भी प्रकार की लापरवाही या गलत रिपोर्टिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी। गलत रिपोर्ट भेजे जाने पर बीमा कंपनी के जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराने की कार्रवाई की जाएगी।

एसडीएम अवनीश कुमार तिवारी ने लेखपालों, बीमा कंपनी के कर्मचारियों और कृषि विभाग के अधिकारियों को अतिवृष्टि से नष्ट हुई खरीफ फसलों—उड़द, मूंग, तिल और मूंगफली—का मौके पर सही सर्वे कर रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बारिश से प्रभावित किसानों के नुकसान का वास्तविक आकलन किया जाए। विधायक ने ग्राम अस्थौन और अकठौहा में गिरे रिहायशी मकानों का भी निरीक्षण किया और पैदल भ्रमण कर ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं।

इस दौरान पूर्व ब्लॉक प्रमुख निर्भय सिंह एडवोकेट, विधायक प्रतिनिधि उदित राजपूत, अकठौहा प्रधान कांशी प्रसाद, नायब तहसीलदार विकास गोयल, कानूनगो सत्यप्रकाश राठौर, लेखपाल लक्ष्मण सिंह यादव, अस्थौन लेखपाल सुभाष सिंह और अकठौहा लेखपाल भूपेंद्र सिंह सहित अन्य मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments