रिपोर्ट-फैजी जाफरी
कौशाम्बी। पिपरी थाना क्षेत्र के मनौरी में पटाखा फैक्ट्री में हुए भीषण विस्फोट के मामले में पुलिस की कार्यवाही लगातार तेज होती जा रही है। गुरुवार को कमालपुर बरेठी नहर पुलिया के पास पुलिस की वांछित आरोपी मोहम्मद आदिल से मुठभेड़ हो गई। पुलिस के मुताबिक, घेराबंदी के दौरान आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस की गोली आरोपी के दोनों पैरों में लगी, जिससे वह घायल हो गया। पुलिस ने उसे कब्जे में लेकर उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। बताया गया कि पटाखा फैक्ट्री विस्फोट के बाद एसपी सत्यनारायण प्रजापत के निर्देश पर आरोपी की गिरफ्तारी के लिए चार पुलिस टीमों का गठन किया गया था। पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थीं। इसी दौरान आरोपी के कमालपुर बरेठी नहर पुलिया के पास होने की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की। पुलिस का दावा है कि खुद को घिरता देख आरोपी ने टीम पर गोली चला दी, जिसके बाद हुई जवाबी फायरिंग में वह घायल हो गया।
पटाखा फैक्ट्री विस्फोट मामले में पुलिस की कार्रवाई इससे पहले भी लगातार जारी रही है। मामले में आरोपी के पिता की गिरफ्तारी के बाद अब पुत्र मोहम्मद आदिल को भी मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस अन्य नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए भी दबिश दे रही है। वहीं, आदिल से जुड़ी बताई जा रही कई आतिशबाजी और पटाखा फैक्ट्रियों के खिलाफ भी पुलिस-प्रशासन ने कार्यवाही की है।
कार्यवाही के दौरान करोड़ों रुपये कीमत के मकान पर बुलडोजर चलाए जाने की बात सामने आई है। फिलहाल घायल आरोपी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है और पुलिस उससे पूछताछ कर विस्फोट मामले से जुड़े अन्य तथ्यों की जानकारी जुटा रही है। मामले में पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है।
0 Comments